पीलीभीत में सांसद वरुण गांधी बोले- जब मुश्किल आती है तब पता चलता है कौन अपना कौन पराया
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय नेता व सांसद वरुण गांधी ने कहा कि वह सुख-दुुख में हमेशा जिले वासियों के साथ रहे हैं और आगे भी रहेंगे। कोरोना संकटकाल में वह पूरी गंभीरता से साथ जिले के लोगों से जुड़े रहे और लगातार मदद पहुंचाते रहे हैं।
पीलीभीत, जेएनएन। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय नेता व सांसद वरुण गांधी ने कहा कि वह सुख-दुुख में हमेशा जिले वासियों के साथ रहे हैं और आगे भी रहेंगे। कोरोना संकटकाल में वह पूरी गंभीरता से साथ जिले के लोगों से जुड़े रहे और लगातार मदद पहुंचाते रहे हैं।
शुक्रवार को पांच दिवसीय दौरे पर आए सांसद का कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान सांसद ने सबका हालचाल जाना। उसके बाद सांसद ने ललौरीखेड़ा ब्लाक के ग्राम शाही, गुलरिया जाफरपुर, ऐमी, भगवंतपुर बझेड़ा, ढकिया नथा, अमरगंज, शरीफ गंज, मीरपुर, कलियाणपुर ललौरीखेड़ा ब्लॉक, जहानाबाद देहात, निज़ाम दांडी, गौनेरी वदी, सरौरी, रूपपुर कृपा, सडिया, जिरौनिया, अलियापुर आदि जनसभाएं कीं। साथ ही ग्रामीणों की समस्याओं को सुना और शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया।
जनसभाओं में सांसद ने कहा कि कोरोना संकट काल में वह पूरी गंभीरता के साथ दिल्ली से जिले वासियों से सीधे जुड़े रहे। अपना धर्म समझ कर जिले के लोगों की समस्याओं का समाधान किया। बोले कि जब मुश्किल आती है, तब पता चलता है कि अपना कौन है। जब लॉकडाउन हुआ, तब कोई गांव ऐसा नही था जहां भोजन के पैकेट न बांटे हों। संकल्प लिया था कि किसी को भूखा नहीं सोने देंगे। उन्होंने कहा कि पूरे लॉकडाउन के समय अपनी तरफ से लाखों भोजन पैकेट बांटकर उस संकल्प को पूरा भी किया।
लॉकडाउन में ढील के बाद भी सांसद रसोई बंद नही की गई। उसे ज़िला असपताल में ज़रूरतमंद लोगो के लिए खोल दिया। वर्तमान में भी भोजन उपलब्ध कराने का काम किया जा रहा है। सांसद ने कहा कि पिछले तीन महीनो में बड़ी तादात में लोगों ने सांसद रसोई से भोजन ग्रहण किया है। कहा कि वह सुख दुख में हमेशा से साथ हैं और रहेंगे। अपने संबोधन के बाद उन्होंने लोगो की समस्याएं भी सुनी और उनके निराकरण के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश भी दिए।
जनसभाओं में प्रमुख रूप से भाजपा के जिलाध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह, पूर्व ब्लॉक प्रमुख सतपाल गंगवार, स्वामी प्रवक्तानंद, श्याम विहारी भोजवाल, डॉ. बांकेलाल गंगवार, सोनू बाल्मीकि, मन्नू कश्यप, देवेंद्र सिंह टोनी, रेखा परिहार, अभिषेक सिंह गोल्डी, सतीश गुप्ता, भूपराम, रूपेश गंगवार, शाहबुद्दीन खां, राजबहादुर गंगवार, महेश गंगवार, वीपी सिंह, टीटू चौहान, राजकुमार भारती, अमित गंगवार आदि मौजूद रहे।