Lockdown Skill : बरेली में स्किल मैपिंग से मिलेगा दस हजार प्रवासियों का रोजगार, जानिए क्या होगा फायदा Bareilly News
पंचायती राज विभाग इन प्रवासियों की स्किल मैपिंग कर रहा है। जिसके तहत उनकी योग्यता और क्षमता के आधार पर उन्हें रोजगार देने की दिशा और क्षेत्र तय हो सके।
बरेली, जेएनएन। अन्य राज्यों से उत्तर प्रदेश के बरेली में आने वाले प्रवासी किस क्षेत्र में रोजगार पा सकते है। इसके लिए पंचायती राज विभाग इन प्रवासियों की स्किल मैपिंग कर रहा है। जिसके तहत उनकी योग्यता और क्षमता के आधार पर उन्हें रोजगार देने की दिशा और क्षेत्र तय हो सके। इसके साथ ही उनकी योग्यता के आधार पर कार्य भी बेहतर तरीके से हो सके। इसके लिए विभाग अब तक दस हजार प्रवासियों की स्किल मैपिंग करा चुका है। जिसके बाद अब इन दस हजार प्रवासियों को रोजगार देने की तैयारी है।
अब तक आ चुके 18 हजार प्रवासी
अधिकारियों ने बताया कि दूसरे राज्यों से आने वाले प्रवासियों की स्किल मैपिंग की जा रही है। अभी तक पंचायती राज के मुताबिक गांवों में 18 हजार प्रवासी आ चुके हैं। इनमें 10 हजार प्रवासियों की स्किल मैपिंग की जा चुकी है। प्रशासन आने वाले प्रवासियों को उनके स्किल के हिसाब से उन्हें रोजगार मुहैया कराना चाहता है। इसके लिए कई स्तर पर तैयारी की गई है।
प्रशासन स्किल्ड लोगो के लिए बना रहा मित्र एप
प्रशासन ऐसे 67 ट्रेड के स्किल्ड लोगों के लिए एक मित्र एप बना रहा है। जिनमें पेंटर, इलेक्ट्रीशियन, कारपेंटर, ब्यूटीशियन, ड्राइवर जैसे लोगों को रजिस्टर्ड किया जाएगा। वहीं स्किल्ड लोगों को उद्यम विभाग के जरिए औद्योगिक इकाइयों में भी समायोजित किया जाएगा। इसके साथ श्रम विभाग भी आने वाले प्रवासियों का रजिस्ट्रेशन कर रहा है। इस डाटा के आधार भी स्किल्ड लोगों की लिस्ट बनाई जाएगी।
प्रवासियों के अस्थाई कार्ड बनाने के दिए निर्देश
सीडीओ ने निर्देश दिए हैं कि जिन प्रवासियों का अभी तक राशन कार्ड नहीं बना है। 2 दिन के अंदर ग्राम पंचायत अधिकारी उनके फॉर्म भरवा कर कार्यालय में भिजवाए। जिससे उनके राशन कार्ड बन सकें।
पंचायती राज विभाग ने 10हजार प्रवासियों की स्किल मैपिंग की है। जो भी बच्चे हुए लोग हैं उनकी भी मैपिंग करने के निर्देश दिए गए हैं। जिससे इन्हें रोजगार दिया जा सके। चंद्र मोहन गर्ग, सीडीओ