जानिए महिला की मौत पर ताला लगाकर क्यों भागा अस्पताल का स्टाफ Bareilly News
मिनी बाईपास स्थित एक निजी अस्पताल में इंजेक्शन लगाने से महिला की हालत बिगड़ गई। हालत में सुधार नहीं होने पर डॉक्टरों ने पीड़िता को दूसरे अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
जेएनएन, बरेली : मिनी बाईपास स्थित एक निजी अस्पताल में इंजेक्शन लगाने से महिला की हालत बिगड़ गई। हालत में सुधार नहीं होने पर डॉक्टरों ने पीड़िता को दूसरे अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। जानकारी के बाद परिजन अस्पताल पहुंचे तो ताला पड़ा देख हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पुलिस पहुंची और लोगों को शांत कराया।
इज्ज्तनगर के रहपुरा चौधरी मुहल्ला निवासी शहीद खान ने पत्नी जायदा को मिनी बाईपास स्थित एक निजी अस्पताल में आंख के ऑपरेशन के लिए भर्ती कराया था। जहां जायदा को ऑपरेशन के लिए एक इंजेक्शन लगाया गया। कुछ देर बाद ही अचानक पीड़िता की हालत बिगड़ने लगी। हालत गंभीर होने पर अस्पताल प्रबंधन ने बिना इलाज के उसे दूसरे अस्पताल रेफर किया। वह खुद भी उसे भर्ती कराने पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया तो साथ गए अस्पताल कर्मी वहां से खिसक लिए।
आक्रोशित परिजन फिर मिनी बाईपास स्थित अस्पताल गए तो वहां ताला लगा देखकर हंगामा करने लगे। आरोप था कि गलत इंजेक्शन लगाने से महिला की मौत हो गई। हालांकि पुलिस के शांत कराने पर परिजन वापस लौट गए। चौकी इंचार्ज प्रवीण कुमार ने बताया कि महिला की मौत हो गई है। चीता पुलिस गई थी अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।