Isolation ward Case Update : आइसोलेशन वार्ड में 'झरने' के मामले में विपक्ष ने साधा निशाना
Isolation ward Case Update कोविड अस्पतालों में बदहाली की तस्वीरें लगातार सामने आ रहीं। शनिवार को भी बारिश के दौरान कोविड अस्पताल की छत से पानी की धार मरीजों की ऊपर गिरने लगी।
बरेली, जेएनएन। Isolation ward Case Update : कोविड अस्पतालों में बदहाली की तस्वीरें लगातार सामने आ रहीं। शनिवार को भी बारिश के दौरान कोविड अस्पताल की छत से पानी की धार मरीजों की ऊपर गिरने लगी। जिसका वीडियो ट्वीट कर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा ने व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर सरकार पर निशाना साधा। हालांकि बारिश बंद होने के बाद उसी दिन पानी का पाइप सही करा दिया गया था।
दिल्ली रोड पर कोविड एल-2 अस्पताल है। शनिवार सुबह को बारिश के दौरान लिंटर में लगा पानी निकासी का पाइप हट गया था। जिससे आइसोलेशन वार्ड में पानी गिरने लगा। वार्ड में पानी भर गया और कोरोना संक्रमित मरीज बेड छोड़कर इधर-उधर ठिकाना तलाशने लगे। दो घंटे तक अफरातफरी का माहौल रहा। इस बीच किसी मरीज ने वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। जानकारी पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. विनीत कुमार शुक्ला ने पाइप ठीक करा दिया।
रविवार को कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा ने ट््वीट करके आइसोलेशन वार्ड में गिरती पानी की धार का वीडियो ट्वीट किया। सरकार पर तंज कसते हुए लिखा कि बरेली के कोविड अस्पताल का हाल, जहां वार्ड में ही झरना फूट पड़ा। सपा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी यह वीडियो पोस्ट कर लिखा कि प्रदेश के क्वारंटाइन सेंटर में झरना बह रहा है। दोनों नेताओं के इन ट््वीट को कार्यकर्ताओं ने खूब री-ट्ववीट और लाइक किया है। जिले में भी कांग्रेस और सपा के कार्यकर्ता सोशल साइट्सस पर सरकार व जिला प्रशासन की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर विरोध कर रहे हैं। इससे पहले भी दो बार अलग अस्पतालों में गंदगी व खराब खाने की शिकायतों के वीडियो वायरल हो चुके।
प्रशासन ने भी रखा पक्ष
जिला प्रशासन की ओर से भी ट््वीट कर लिखा कि वार्ड में पाइप हटने से समस्या आई जिसे तुरंत सही करा दिया था।
अस्पताल में पाइप हटने की जानकारी मिलते ही उसे सही करा दिया गया था। साथ ही अस्पताल प्रबंधन से भी इस संबंध में आगे से सावधानी बरते को कहा है। मरीजों को किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं हैं।
- डा. विनीत कुमार शुक्ला, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, बरेली