हाई सिक्योरिटी जोन में बाहरियों की मूवमेंट पर निगरानी बढ़ी
जिले में एसपी क्राइम के कोरोना संक्रमित मिलने के बाद पुलिस-प्रशासनिक अमले में खासी हलचल है। कमिश्नर डीआइजी डीएम एसएसपी समेत सभी आला अधिकारियों के कार्यालय और आवास सिविल लाइंस में हैं। यही वजह है कि इस क्षेत्र को हाई सिक्योरिटी जोन माना जाता है।
बरेली, जेएनएन : जिले में एसपी क्राइम के कोरोना संक्रमित मिलने के बाद पुलिस-प्रशासनिक अमले में खासी हलचल है। कमिश्नर, डीआइजी, डीएम, एसएसपी समेत सभी आला अधिकारियों के कार्यालय और आवास सिविल लाइंस में हैं। यही वजह है कि इस क्षेत्र को हाई सिक्योरिटी जोन माना जाता है। शहर के इस हिस्से में कोरोना संक्रमण का खतरा पहले से बढ़ गया है। एसपी क्राइम के संक्रमित मिलने के बाद एसएसपी शैलेश पांडेय ने खुद को क्वारंटाइन किया है। पूरी क्राइम ब्रांच और इंटेलीजेंस की टीमों ने भी खुद को घरों में कैद किया है। सोमवार को शहर के इस हिस्से में स्वास्थ्य विभाग की टीमें सक्रिय थीं। टीम की दो महिलाएं डीएम आवास भी गई थीं। वहां उन्होंने बाहर से कैंप कार्यालय तक आने वालों के बारे में जानकारी जुटाई। ऐसी ही एक टीम ने पुलिस ऑफिस, कलेक्ट्रेट, कमिश्नर कार्यालय, डीआइजी कार्यालय से भी जानकारी जुटाई है। कलेक्ट्रेट हुआ सैनिटाइज
पुलिस लाइंस का एक हिस्सा हॉटस्पॉट बनाया जा चुका है। यहां महिला कांस्टेबल संक्रमित मिली थी। एक पुलिस अधिकारी के संक्रमित मिलने के बाद पुलिस गेस्ट हाउस भी सील किया जा चुका है। सोमवार को काफी दिनों बाद कलेक्ट्रेट परिसर में भी सैनिटाइजेशन कराया गया। कर्मचारियों को दफ्तर में थर्मल स्कैनर दिए गए हैं। लेकिन अभी कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट पर थर्मल स्कैनिग की व्यवस्था नहीं है। वर्जन
ज्यादातर लोगों से कैंप कार्यालय पर मुलाकात की जा रही है। सावधानी बरतने के निर्देश जारी किए जा चुके हैं। सभी परिसरों को सैनिटाइज कराने के निर्देश दिए गए हैं। सभी को समझना होगा सतर्कता ही बचाव है।
- नितीश कुमार, डीएम