कोरोना संक्रमण के बीच ट्रेन या बस से सफर करना है तो इन चीजों को साथ रखना अनिवार्य है, जानें यदि आपके पास नहीं होगा तो क्या दिक्कत हो सकती हैै
ट्रेन या बस में सफर करना है तो अब सैनिटाइजर व मास्क दोनों साथ लेकर चलना होगा। दरअसल अब रेलवे के साथ-साथ रोडवेज भी इस पर सख्ती करने जा रहा है। इज्जतनगर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक आशुतोष पंत ने बताया कि मास्क नहीं तो प्लेटफार्म पर एंट्री नहीं।
बरेली, जेएनएन। ट्रेन या बस में सफर करना है तो अब सैनिटाइजर व मास्क दोनों साथ लेकर चलना होगा। दरअसल अब रेलवे के साथ-साथ रोडवेज भी इस पर सख्ती करने जा रहा है। इज्जतनगर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक आशुतोष पंत ने पत्रकार वार्ता में बताया कि मास्क नहीं तो प्लेटफार्म पर एंट्री नहीं। इसके अलावा अगर बिना मास्क के स्टेशन परिसर में जबरन घूसने का प्रयास किया तो जुर्माना वसूला जाएगा। उन्होंने बताया कि मंडल की 26 जोड़ी मेल व एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन शुरू हो गया है। 24 जोड़ी साधारण ट्रेनें भी शुरू हो गई हैं। जिनमें शारीरिक दूरी का पालन करते हुए यात्री सफर कर रहे हैं।
मंडल रेल प्रबंधक आशुतोष पंत ने स्पष्ट किया कि रेलवे यात्री ट्रेनों का संचालन यात्री सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए ही कर रहा है। ऐसे में सभी को रेलवे का सहयोग करना चाहिए। डीआरएम ने बताया कि 31 मार्च 2021 के बाद संक्रमण दोबारा तीव्र गति से अपने पांव पसार रहा है। जिसे ध्यान में रखते हुए मंडल में आरक्षित एवं अनारक्षित गाड़ियों का संचालन पूरी सतर्कता के साथ किया जा रहा है। मंडल के 38 रेलवे स्टेशनों पर अनाउंसमेंट के जरिए कोरोना संक्रमण से बचाव के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आवश्यकता पड़ी तो जुर्माना भी वसूल किया जाएगा। बताया कि गाड़ियों का संचालन यात्री जनता की मांग पर किया जा रहा है। मंडल के किसी भी स्टेशन पर अभी तक कोई भी अवांछनीय स्थिति सामने नहीं आई है। इसके साथ ही स्टेशन परिसर में पोस्टरों के माध्यम से भी जागरूक किया जाएगा। मंडल से चलने वाली सभी ट्रेनों को सैनिटाइज कर चलाया जा रहा है। वार्ता के दौरान सभी अपर मंडल रेल प्रबंधक, प्रवर मंडल वाणिज्य प्रबंधक समेत अन्य मौजूद रहे।