पीलीभीत में हैवानियत की हद, महिला ग्राम प्रधान को पति ने निर्वस्त्र कर पीटा, प्राइवेट पार्ट पर डंडे से किए प्रहार Pilibhit News
उप्र के पीलीभीत जिले में बिलसंडा थाना क्षेत्र के गांव में शर्मसार करने वाली घटना प्रकाश में आई है। महिला ग्राम प्रधान के साथ पति ने हैवानियत की हदें पार कर दीं।
जेएनएन, पीलीभीत : उप्र के पीलीभीत जिले में बिलसंडा थाना क्षेत्र के गांव में शर्मसार करने वाली घटना प्रकाश में आई है। महिला ग्राम प्रधान के साथ पति ने हैवानियत की हदें पार कर दीं। आरोप है कि पति ने नशे की हालत में उसके साथ मारपीट कर कपड़े फाड़ दिए। प्राइवेट पार्ट पर भी डंडे से प्रहार किए। जिससे महिला बुरी तरह से घायल हो गई। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। लेकिन आरोपित को गिरफ्तार करने की जहमत नहीं उठाई है।
बिलसंडा थाना क्षेत्र के एक ग्राम में रहने वाली महिला ग्राम प्रधान का आरोप है कि चुनाव जीतने के बाद से पति खुद ही प्रधानी के कार्य देख रहे हैं, उसके फर्जी हस्ताक्षर कर शासन से आने वाली धनराशि का दुरुपयोग कर रहे हैं। बैंक में उसके साथ संयुक्त खाता खोल रखा है। बैंक खाता से भुगतान निकाल लेते हैं। विरोध करने पर आए-दिन पिटाई कर यातनाएं देता। दो माह पूर्व पिटाई की और डंडे से प्राइवेट पार्ट में प्रहार कर घायल कर दिया था। घायलावस्था में वह अपने मायके चली गई। भाई व पिता नहींं होने के कारण मां के साथ ही रह रही थी। शुक्रवार सुबह करीब दस बजे नशे की हालत में पति मायके आ धमका। गाली-गलौज करने लगे। शांत रहने को कहा तो पति ने डंडे से सिर पर प्रहार कर दिया। फिर कपड़े फाड़कर उसे निर्वस्त्र कर दिया। उसके प्राइवेट पार्ट पर भी डंडे से प्रहार किए। जिससे वह घायल हो गई। शोर शराबा सुनकर पड़ोसी मौके पर आ गए और किसी तरह उसे पति से बचाया। वह रिपोर्ट दर्ज कराने थाना पहुंची तो पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया। बल्कि मनमाने ढंग से एनसीआर दर्ज कर उसे टरका दिया। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार भी नहीं किया है। पीडि़ता ने आरोप लगाया कि पति कई बार हाथ पैर बांधकर और मुंह में कपड़ा ठूंसकर अमानवीय ढंग से पिटाई कर चुका है। पति की हैवानियत से वह तंग आ चुकी है। सीओ प्रवीण मलिक का कहना है कि महिला को घायल करने वाले पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मेडिकल परीक्षण में महिला के सिर में शार्प इंजरी आई है। मुकदमा धारा 324 में तरमीम किया जाएगा।