बरेली में कैसे सम्मानित होंगे किसान, पांच विभाग नहीं भेज पाए किसानाें के नाम
तीन कृषि कानूनों की वजह से लंबे समय तक विरोध में रहे किसानों को मनाने के लिए सरकार कोई कमी नहीं छोड़ना चाहती है। सरकार ने किसानों का सम्मान करने के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों का चयन करने के लिए कहा है।
बरेली, जेएनएन। तीन कृषि कानूनों की वजह से लंबे समय तक विरोध में रहे किसानों को मनाने के लिए सरकार कोई कमी नहीं छोड़ना चाहती है। सरकार ने किसानों का सम्मान करने के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों का चयन करने के लिए कहा है। लेकिन अब तक चार विभागों ने सम्मानित होने वाले किसानों की सूची बनाकर अब तक कृषि उप निदेशक को नहीं भेजी है।
पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के जन्मदिवस 23 दिसंबर को किसान दिवस के रूप में मनाया जाता है। सरकार की मंशा है कि देश के किसान का सम्मान हो, उसे सुविधाएं मिलें, जिससे वे तरक्कती की राह पर सरपट दौड़ सकें। इसके लिए एक कार्यक्रम का आयोजन करके किसानों को सम्मानित किया जाना है। इस बारे में कृषि उप निदेशक धीरेंद्र सिंह चौधरी ने बताया कि कृषि विभाग, गन्ना विभाग, मत्स्य विभाग, उद्यान विभाग और पशु पालन विभाग से पांच-पांच किसानों को सम्मानित किया जाना है।
इसके लिए विभागीय अधिकारियों को पत्र भेजकर कृषि क्षेत्र में विशेष योगदान देने वाले किसानों के नाम मांगे गए थे। अब तक केवल कृषि विभाग ने पांच किसानों के नाम चयनित कर लिए हैं। अन्य विभागों से इस संबंध में विवरण नहीं भेजा है। ऐसा तब है जब किसान दिवस के केवल तीन दिन ही शेष हैं।