एकतरफा प्यार या पागलपन : शादीशुदा महिला की खुशहाल जिंदगी बर्बाद कर डाली
महिला ने कैबिनेट मंत्री मेनका गांधी से मदद की गुहार लगाई।
बरेली(जेएनएन)। एकतरफा इश्क था या सनक। एक युवक ने पागलपन की सारी हदें पार कर डालीं। पहले शादीशुदा महिला की खुशहाल जिंदगी में दरार डाली। ऐसी हरकतें कीं, तंग आकर उसके शौहर ने तलाक दे दिया। युवक ने इसका भी फायदा उठाया। उसे अपनाने के लिए शादी का झांसा दिया। जबरन शारीरिक संबंध बना लिए। बाद में निकाह भी कर लिया मगर जल्द ही उसका मन भर गया। दहेज के बहाने महिला पर जुल्म ढहाने लगा। रोज की मारपीट के बाद बीवी को दोस्तों के सामने पेश करने की कोशिशें करने लगा। महिला ने विरोध किया तो उसे घर से निकाल दिया। पीड़ित महिला ने केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री मेनका गांधी को लिखे पत्र में जुल्म की दास्तां बयां की है।
घटना देवरनिया थाना क्षेत्र के गांव की है। महिला के गांव का ही दानिश शादी से पहले उसका पीछा करता था। वर्ष 2014 में उसकी शादी हो गई। इसके बाद भी दानिश ने पीछा नहीं छोड़ा। उसकी ससुराल पहुंच गया। शादी का दबाव बनाता। जान से मारने की धमकी देता। महिला के मुताबिक, इस बीच मेरी बेटी हुई। वह अब तीन साल की है लेकिन, दानिश की हरकतों के चलते शौहर ने तलाक दे दिया। इसके बाद दानिश ने मुझ पर शादी का पूरा दबाव बनाया। मां-बाप को मारने की धमकी दी। मेरी मर्जी के बगैर शारीरिक संबंध बनाए। मैं गर्भवती हो गई, तो गर्भपात कराया। घर में घुसकर जबरन दुष्कर्म करने लगा। घरवालों ने एक दिन पुलिस बुला ली। मुकदमे की बात कही। तब दानिश के रिश्तेदारों ने धोखाधड़ी कर 30 मार्च को मेरा निकाह करा दिया।
शादी के बाद सामने आया सच
महिला के मुताबिक, निकाह के बाद दानिश का असली रूप सामने आया। वह रोजाना मारपीट करता। दहेज के लिए धमकाता। उसके परिवार वाले भी साथ देते। मुझे दोस्तों के साथ संबंध बनाने को कहता। इन्कार पर दोस्तों से पिटाई कराता। मैंने थाना देवरनिया में तहरीर दी। पुलिस अधिकारियों से भी मिली। मामला बहेड़ी परामर्श केंद्र पहुंचा। पर कहीं भी सुनवाई नहीं हुई।
इस हालात में भी समझौते को राजी
महिला ने कैबिनेट मंत्री मेनका गांधी को लिखा है कि पांच बहनों में मैं सबसे बड़ी हूं। भाई नहीं है। घर में मां हैं, बहनों की शादी नहीं हुई। पिता काम के लायक नहीं। इस हालात में भी दानिश के साथ रहने का फैसला किया लेकिन, वह सुधरा नहीं। उसके दोस्त और परिवार के लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।
निदा से मदद की गुहार
महिला ने आला हजरत हेल्पिंग सोसायटी की अध्यक्ष निदा खान से भी मदद की गुहार लगाई है। निदा खान के मुताबिक महिला के साथ हर स्तर पर ज्यादती हुई है। पुलिस-प्रशासन को इसमें कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।