Hathras Case : कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना ने साधा निशाना, बोले- सपा कांग्रेस कर रही वोट बैंक की राजनीति
कैबिनेट मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने हाथरस की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि सरकार पीड़ित परिवार के साथ है लेकिन कांग्रेस व सपा वोट बैंक के लिए जिस तरह इसे मुद्दा बनाकर राजनीति कर रहे हैं वह काफी गैर जिम्मेदारना है।
शाहजहांपुर, जेएनएन। कैबिनेट मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने हाथरस की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि सरकार पीड़ित परिवार के साथ है, लेकिन कांग्रेस व सपा वोट बैंक के लिए जिस तरह इसे मुद्दा बनाकर राजनीति कर रहे हैं वह काफी गैर जिम्मेदारना है।खन्ना शुक्रवार को टाउनहाल स्थित कवि तिराहे पर कवियों की प्रतिमाओं का लोकार्पण करने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि जो भी दोषी हैं उन पर कार्रवाई की जा रही है। सरकार अपनी सहानुभूति या कार्रवाई को शब्दों से नहीं एक्शन से प्रकट कर रही है। मदद के जरिए पीड़ित परिवार के आंसू पोछने की कोशिश की है। आगे भी इस परिवार के साथ हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग वहां जाने की कोशिश कर रहे हैं उनकी निगाह सिर्फ वोट बैंक पर है।
वह चाहते हैं कि किसी तरह से बस अपना वोट बढ़ाएं। जबकि इस तरह के मौके राजनीति के लिए नहीं होते। अगर किसी परिवार के साथ कोई घटना हुई है तो उनके प्रति संवेदना होनी चाहिए। राजनीति नहीं करनी चाहिए। वोट बढ़ाने की चिंता की बजाय राजस्थान में देखना चाहिए। जहां ऐसी कई घटनाएं हुई हैं, लेकिन भाजपा ने उन पर राजनीति नहीं की।