वैक्सीनेशन कराइए और सामान खरीदने पर छूट पाइए, जानिए कैसे मिलेगा लाभ
जिले में वैक्सीनेशन की गति बढ़ाने के लिए व्यापारियों ने मोर्चा संभाला है। वैक्सीनेशन कराने वालों को खरीदारी में छूट दिए जाने की पूर्व में घोषणा की गई थी। इसे गुरुवार से लागू कर दिया जाएगा। राजेंद्र गुप्ता ने पत्र जारी कर इसकी जानकारी दी।
बरेली, जेेएनएन। जिले में वैक्सीनेशन की गति बढ़ाने के लिए व्यापारियों ने मोर्चा संभाला है। वैक्सीनेशन कराने वालों को खरीदारी में छूट दिए जाने की पूर्व में घोषणा की गई थी। इसे गुरुवार से लागू कर दिया जाएगा। उप्र उद्योग व्यापार मंडल के महानगर अध्यक्ष राजेंद्र गुप्ता ने पत्र जारी कर इसकी जानकारी दी। वहीं बुधवार को मात्र 29.8 लोगों ने वैक्सीनेशन कराया।
बुधवार देर शाम व्यापार मंडल के अध्यक्ष राजेंद्र गुप्ता ने पत्र जारी कर बताया कि जिले में गुरुवार से वैक्सीनेशन कराने वालों को खरीदारी में छूट दी जाएगी। बताया कि पहले चरण में यह प्रक्रिया शहर के 20 शोरूम और कुछ मेडिकल स्टोरों पर शुरू हो रहा है। जल्द ही दूसरे चरण में दुकानों और शोरूम की सूची जारी की जाएगी। इसके लिए जरूरी होगा कि वैक्सीन लगवाने वाले लोग अपने साथ कार्ड लेकर आएं। वहीं बता दें कि बुधवार को जिले में स्वास्थ्य विभाग की ओर से कराए गए टीकाकरण के लिए 8500 लोगों का लक्ष्य रखा गया था। इसमें ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के लोगों को शामिल किया गया था। लेकिन बुधवार को 8500 लोगों के सापेक्ष मात्र 2506 लोगों यानि मात्र 29.48 फीसद लोगों ने अपना टीकाकरण कराया। दरअसल कोरोना की बढ़ती रफ्तार ने प्रशासन के साथ व्यापारियों को भी चिंता में डाल दिया है क्योंकि अगर कोरोना के चलते फिर से लॉकडाउन की स्थिति बनती है तो व्यापारिक गतिविधियों को झटका लगेगा। यही वजह है कि प्रशासन के साथ अब व्यापारी भी कोरोना को थामने के लिए आगे आए हैं।