गणपति को दी विदाई, मटकी फोड़ी
शहर में लगातार तीसरे दिन सोमवार को भी गणेश विसर्जन यात्रा निकली।
जागरण संवाददाता, बरेली: शहर में लगातार तीसरे दिन सोमवार को भी गणेश विसर्जन यात्रा निकली, जिसमें भक्तों ने गणपति संग होली खेलकर उन्हें भावभीनी विदाई दी। इससे पहले पंडालों में भक्तो ने गणेश पूजन और आरती कर आशीर्वाद लिया। विघ्नहर्ता से परिवार की खुशहाली की मनोकामना की। जगह-जगह मटकी फोड़ी गई। अंत में गजानन को रामगंगा में प्रवाहित किया।
आलमगिरीगंज स्थित आरके गेस्ट हाउस में सजे गणेश पंडाल में पहले पूजन हुआ। महापौर डॉ. उमेश गौतम ने गणपति की आरती और पूजन कर आशीर्वाद लिया। वहां से शोभायात्रा निकली और रास्ते में युवाओं की टोलियां मटकियां फोड़ते हुए गणपति बप्पा मोरया का उद्घोष करती आगे बढ़ीं। इस मौके पर रुहेलखंड उद्योग व्यापार मंडल के महानगर अध्यक्ष विशाल मेहरोत्रा, संजीव अग्रवाल, राजकुमार मेहरोत्रा, सरदार अमरजीत सिंह, राहुल रस्तोगी, संजीवअवतार अग्रवाल, नाना मराठा आदि मौजूद रहे। सुभाषनगर स्थित श्री तपेश्वरनाथ मंदिर में सजे पंडाल से गणेश विसर्जन यात्रा हर्षोल्लास से निकली। भक्तों ने इससे पहले विधि विधान से पंडित प्रदीप कुमार चौबे के निर्देशन में पूजन और आरती की। इस मौके पर वीरेंद्र वर्मा, संजय कठेरिया, अरविंद पटेल, अभिनव वर्मा, मनोज कुमार, संजय तिवारी, किशन शर्मा, विशन शर्मा, राजू कश्यप आदि मौजूद रहे। चौकी चौराहा से भी गणेश मूर्ति विसर्जन यात्रा निकली। इस मौके पर भूपेंद्र नाथ वर्मा, नरसू नायक, आदित्य सोम वर्मा आदि मौजूद रहे। सिंधुनगर से भी गणेश विसर्जन यात्रा निकली, जिसमें अशोक निहलानी, लेखराज मोटवानी, जितेंद्र देवनानी, नेहा परचानी, उदय मोटवानी, रवि निहलानी, सानिया निहलानी आदि मौजूद रहे।
तथ्य
-सुभाषनगर, आलमगिरीगंज आदि मुहल्लों से निकली विसर्जन शोभायात्रा
- भक्तों ने गणपति संग खेली गुलाल की होली, पूजन कर मांगी मनोकामना