बरात में डांस पर हुआ बवाल, एबीवीपी नेता और पुलिस के बीच हुई हाथापाई Bareilly News
बरात में सड़क पर डांस करने को लेकर खासा बखेड़ा हो गया। जाम लगने लगा तो पुलिस कर्मी बरात को किनारे हटाने लगे।
जेएनएन, बरेली : बरात में सड़क पर डांस करने को लेकर खासा बखेड़ा हो गया। जाम लगने लगा तो पुलिस कर्मी बरात को किनारे हटाने लगे। इसी बात को लेकर बरात में शामिल अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं और पुलिसकर्मियों से भिड़त हो गई। आरोप है कि दारोगा ने कार्यकर्ताओं को डंडे से पीटा। वहीं, एबीवीपी कार्यकर्ताओं पर दारोगा से हाथापाई व इंस्पेक्टर से अभद्रता का आरोप है। पुलिस वालों पर कार्रवाई की मांग को लेकर भाजपाइयों ने देर रात करगैना चौकी का घेराव किया।
एबीवीपी के पूर्व कार्यकर्ता दीपक वर्मा की रविवार को शादी थी। बरात बदायूं रोड स्थित कुंवर रिसार्ट की ओर जा रही थी। इस दौरान बराती बैंड-बाजे पर डांस करने में मशगूल थे। जिससे रोड पर जाम लगने लगा। ट्रैफिक रुकने पर चीता पुलिस के दो सिपाही वहां पहुंचे और बरात को किनारे करने में जुट गए। जिस पर बरात में शामिल एबीवीपी के कार्यकताओं की पुलिसकर्मियों से नोकझोंक हो गई।
विवाद बढऩे पर दारोगा नीतिन मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि दारोगा ने बरातियों पर डंडे चला दिए। इस पर एबीवीपी कार्यकर्ता और बराती भड़क उठे। उन्होंने पुलिस को घेर लिया। इस दौरान दोनों ओर से धक्का-मुक्की और दारोगा से हाथापाई भी हुई। विवाद बढ़ा तो कई थानों का फोर्स मौके पर बुला लिया गया। जिसके बाद सभी को करगैना पुलिस चौकी लाया गया।
भाजपा जिलाध्यक्ष पवन शर्मा और भाजयुमो के जिलाध्यक्ष हरविंदर यादव, भाजपा नेता आदेश प्रताप सिंह समेत दर्जनों भाजपाई भी पहुंच गए। डंडा चलाने वाले दारोगा पर कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। इस बीच सुभाषनगर इंस्पेक्टर से अभद्रता का भी आरोप है। मामला बढ़ता देख एसपी क्राइम रमेश भारतीय, सीओ मौके पर पहुंचे। मगर भाजपाई व एबीवीपी कार्यकर्ता पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई का दबाव बनाते रहे। दारोगा को लाइन हाजिर करने का आश्वासन मिलने पर वे देर रात वापस हुए।