आलमपुर जाफराबाद में खोला ब्लॉक प्रमुख के खिलाफ मोर्चा Bareilly News
भाजपाइयों ने एक बार फिर आलमपुर जाफराबाद के ब्लॉक प्रमुख की घेराबंदी शुरू कर दी। उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी है।
जेएनएन, बरेली : भाजपाइयों ने एक बार फिर आलमपुर जाफराबाद के ब्लॉक प्रमुख की घेराबंदी शुरू कर दी। उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी है। इस संबंध में 21 दिसंबर को एसडीएम की मौजूदगी में सदस्यों की बैठक बुलाई गई है।
विकास खंड क्षेत्र में कुल 112 सदस्य हैं। पूर्व में सदस्यों के बहुमत से आदेश सिंह को ब्लॉक प्रमुख पद पर चुना गया था। अब विकास खंड में विरोध के स्वर तेजी से उभरे हैं। कुल 112 सदस्यों में से 84 सदस्यों ने शपथ पत्र देकर अविश्वास प्रकट किया है। 25 नवंबर को मीटिंग बुलाने की मांग उठाई थी।
चर्चा के साथ उसी दिन हो सकती है वोटिंग: 21 दिसंबर को सुबह 10.30 बजे ब्लॉक कार्यालय में होने वाली बैठक के काफी हंगामेदार होने की संभावना है। ब्लॉक प्रमुख के समर्थक और विपक्ष के सदस्यों के बीच बहस होने की भी संभावना जताई जा रही है। कोरम पूरा होने पर अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा व वोटिंग भी कराई जा सकती है। भाजपा के वेद प्रकाश यादव ने सदस्यों को एकजुट करने का प्रयास शुरू कर दिया है।
ठीक एक साल पहले भी हुए थे प्रयास: 21 दिसंबर 2018 को भी इसी प्रकार नोटिस जारी किया गया था। छह जनवरी को वोटिंग भी कराई गई थी। ब्लॉक प्रमुख आदेश सिंह यादव ने अपने समर्थक सदस्यों सहित बैठक का बहिष्कार किया था। वे इस प्रक्रिया के खिलाफ कोर्ट भी गए थे।