बरेली में शेरगढ़ पुलिस वाले के घर में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, एक साल के बच्चे समेत परिवार के चार लोग झुलसे
शेरगढ़ एसओ के सरकारी आवास पर गुरुवार को अचानक से आग लग गई। शार्ट सर्किट से आग सीधे गद्दे पर लगी जिस पर एसओ का एक साल का मासूम बेटा वेदांत सो रहा था। मासूम की चीख सुन उसकी मां शिखा दादी माया और बुआ प्रीति कमरे में पहुंची।
बरेली, जेएनएन। शेरगढ़ एसओ के सरकारी आवास पर गुरुवार को अचानक से आग लग गई। शार्ट सर्किट से आग सीधे गद्दे पर लगी, जिस पर एसओ का एक साल का मासूम बेटा वेदांत सो रहा था। कमरे से धुआं निकलता और मासूम की चीख सुन उसकी मां शिखा, दादी माया और बुआ प्रीति कमरे में पहुंची। मासूम वेदांत बुरी तरह से जल चुका था। वेदांत को बचाने के चक्कर में शिखा, माया और प्रीति भी आग की चपेट में आ गईं। जानकारी पर एसओ वीरेंद्र प्रताप सिंह आनन-फानन में जैसे-तैसे घर पहुंचे, सभी को बचाने के चक्कर में उनके हाथ भी जल गए। सभी का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है जिसमें मासूम की हालत गंभीर बनी हुई है। मासूम व उसकी मां आइसीयू वार्ड में भर्ती है।
घटना शाम चार बजे के करीब की है। एसओ वीरेंद्र प्रताप सिंह का बेटा वेदांत बेड पर सो रहा था। इसी दौरान अचानक से शार्ट सर्किट हुआ। शार्ट सर्किट से आग सीधे गद्दे पर जा लगी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और गद्दा धुं-धुं कर जलने लगा। बेटे की चीख पुकार सुनकर मां शिखा, दादी माया और बुआ प्रीति कमरे में पहुंची। मासूम को बचाने के प्रयास में सभी आग की चपेट में आ गए। चीख-पुकार सुन थाने में मौजूद स्टाफ पहुंचा। सूचना एसओ वीरेंद्र प्रताप सिंह को दी गई। सभी को बचाने में उनके हाथ में झुलस गए। घटना की जानकारी पर आइजी रमित शर्मा अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल लिया। सभी का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।