शिक्षक 14 दिन से लापता, पत्नी समेत पांच पर हत्या का मुकदमा
इज्जतनगर के कर्मचारी नगर से एक शिक्षक 14 दिन से लापता हैं। शिक्षक के स्वजनों ने उनकी पत्नी समेत पांच ससुरालियों पर शिक्षक का अपहरण कर हत्या के बाद शव जलाने का आरोप लगाया है। पड़ताल के लिए पुलिस शिक्षक के फिरोजाबाद स्थित ससुराल पहुंची तो घर पर ताला लटका मिला।
बरेली, जेएनएन : इज्जतनगर के कर्मचारी नगर से एक शिक्षक 14 दिन से लापता हैं। शिक्षक के स्वजनों ने उनकी पत्नी समेत पांच ससुरालियों पर शिक्षक का अपहरण कर हत्या के बाद शव जलाने का आरोप लगाया है। पड़ताल के लिए पुलिस शिक्षक के फिरोजाबाद स्थित ससुराल पहुंची तो घर पर ताला लटका मिला। ससुरालियों के मोबाइल नंबर भी बंद थे। पुलिस ने इस मामले में शिक्षक की पत्नी समेत पांच ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
मूल रूप से फिरोजाबाद के रहने वाले अवधेश सिंह शीशगढ़ क्षेत्र के कुंवर ढाकनलाल इंटर कॉलेज सोहड़ा में शिक्षक हैं। फिरोजाबाद के नारखी में रहने वाली उनकी मां अन्नपूर्णा देवी ने बताया कि 12 अक्टूबर को उन्होंने अपने बेटे को फोन किया था। वह कर्मचारी नगर में किराए पर रह रहा था। फोन नहीं उठने पर उन्हें चिता हुई। वह बरेली पहुंचीं। पड़ोसियों ने बताया कि अवधेश सिंह को 13 अक्टूबर को एक कार में कुछ लोगों के साथ जाते हुए देखा गया था। उनकी मां ने 16 अक्टूबर को इज्जतनगर थाने में गुमशूदगी दर्ज कराई।
इसके बाद 24 अक्टूबर को अन्नपूर्णा देवी ने अपनी बहू विनीता, उसके पिता अनिल, बहन ज्योति, भाई प्रदीप व एक अज्ञात पर बेटे की हत्या करने या कराने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। मुकदमा दर्ज होने के साथ ही, पुलिस की एक टीम फिरोजाबाद में उनकी ससुराल पहुंची। पड़ोसियों ने बताया कि ससुराल वाले कई दिन से घर मे ताला डालकर गायब हैं। शिक्षक का पत्नी से चल रहा था विवाद
अवधेश की मां ने पुलिस को बताया कि उनके बेटे का पत्नी से विवाद चल रहा था। पहले भी ससुराल के लोग उनके बेटे को धमकी दे चुके थे। उनका बेटा इन्हीं वजहों से परेशान चल रहा था। मां का कहना है कि 13 अक्टूबर को अवधेश को उसके ससुराल वाले ही कार में ले गए। वर्जन
शिक्षक की मां ने बहू समेत पांच पर अपहरण कर हत्या कर शव जलाने का आरोप लगाया है। ससुराली घर से फरार हैं। उनके नंबर भी बंद हैं। हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
- केके वर्मा, इंस्पेक्टर इज्जतनगर