बरेली में महिला भाजपा नेता पर बाइक सवार हमलावरों ने दागी गोलियां, हालत नाजुक Bareilly News
स्कूटी से गांव लौट रही महिला भाजपा नेता एवं ग्राम प्रधान संतोष भारती पर बुधवार को दिनदहाड़े बाइक सवार हमलावरों ने गोलियां दाग दीं। दो गोलियां लगने से वह जमीन पर गिर पड़ीं।
जेएनएन, बरेली : स्कूटी से गांव लौट रही महिला भाजपा नेता एवं ग्राम प्रधान संतोष भारती पर बुधवार को दिनदहाड़े बाइक सवार हमलावरों ने गोलियां दाग दीं। दो गोलियां लगने से वह जमीन पर गिर पड़ीं। तभी यूपी 112 आ गई तो हमलावर अपनी बाइक छोड़कर खेतों के रास्ते फरार हो गए। महिला नेता की हालत नाजुक बनी हुई है।
पूर्व जिला पंचायत सदस्य संतोष भारती मौजूदा समय में गरीबपुरा की ग्राम प्रधान हैं। बुधवार को वह किसी काम से सुबह करीब दस बजे स्कूटी से कस्बा आई थीं। काम निपटाकर दोपहर करीब 12 बजे गांव जा रही थीं। नदेली रोड पर मुहल्ला जाजू नागर के पास पीछे से एक बाइक आई और उस पर बैठे हमलावर ने तमंचे से उनकी पीठ में गोली मार दी। भाजपा नेता स्कूटी सहित गिर पड़ीं तो बाइक रोककर हमलावर ने एक और गोली चला दी। कुछ दूरी पर यूपी 112 की गाड़ी में सवार पुलिस कर्मियों ने फायर की आवाज सुनी तो वे मौके की तरफ दौड़े। पुलिस आती देख हमलावर बाइक छोड़कर भागने लगे। पुलिस कर्मियों ने उनका पीछा किया, पर वे हाथ नहीं आए। संतोष को लेकर पुलिस सीएचसी पहुंची। हालात नाजुक होने पर परिजन उन्हें भोजीपुरा स्थित मेडिकल कॉलेज ले गए। एसपी देहात ने मौके पर जाकर पड़ताल की। मामले में पूर्व प्रधान नत्थू सिंह, मलकीत सिंह, छेदालाल और राजीव पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस न दिखती तो जान लेकर ही जाते हमलावर
महिला प्रधान पर हमलावरों ने जब पहली गोली चलाई उस वक्त करीब आधा किलोमीटर पीछे यूपी 112 की गाड़ी चल रही थी। जैसे ही गोली चलने की आवाज सुनाई दी तो वाहन में मौजूद हेड कांस्टेबल हरपाल ने चालक से गाड़ी की स्पीड बढ़ाने को कहा। चालक ने भी तुरंत ही वाहन की स्पीड बढ़ा दी। हत्या करने की कोशिश करते देख पुलिस हेड कांस्टेबल हरपाल व विजय कांत ने हमलावरों को ललकारना भी शुरू कर दिया। इस कारण उन्हें भाजपा नेता पर अन्य गोली चलाने का मौका नहीं मिला। चश्मदीदों की मानें तो हमलावर पूरी तरह से पेशेवर लग रहे थे। गोली चलाने के बाद वे दोबारा से तमंचों को लोड कर रहे थे पर अचानक से पुलिस कर्मियों के ललकारने पर उनके पैर उखड़ गए। उन्हें पैदल ही भागना पड़ा।
विधानसभा चुनाव लड़ चुकीं संतोष
संतोष भारती का नाम बहेड़ी वासियों के लिए किसी परिचय का मोहताज नहीं है। उन्होंने 2012 के विधानसभा चुनाव में विधानसभा का चुनाव भी अमर सिंह की पार्टी से लड़ा था।
विवादों से भी रहा है नाता
संतोष भारती का विवादों से भी पुराना नाता रहा है। वे हमेशा सत्ताधारी सरकार के साथ रहीं। बसपा की सरकार में वे बसपा में रहीं तो सपा सरकार आने पर उन्हें सपा नेताओं का करीबी माना जाने लगा। बीते विधानसभा चुनाव में भाजपा की तरफ आ गईं। उनका चेयरमैन पति नसीम अहमद से थाने में विवाद भी हुआ था।
एसएसपी व एसपी देहात पहुंचे
महिला भाजपा नेता पर हमले की सूचना के बाद पुलिस के आला अधिकारी भी सक्रिय हो गये। एसएसपी शैलेष पांडे तथा एसपी देहात संसार सिंह भी मौके पर पहुंचे। अस्पताल पहुंचकर भी मामले की जानकारी ली।