Farmers Movement Alert News : बरेली जोन में अफसर रहे अलर्ट, एडीजी ने शासन को भेजी जोन की रिपोर्ट
Farmers Movement Alert News दिल्ली में किसानों के प्रदर्शन को लेकर बरेली जोन में अलर्ट रहा। जोन के सभी जनपदों में अफसर सुबह से ही किसानों के प्रदर्शन को लेकर पल-पल की अपडेट लेते रहे। जोन के जिलों में किसानों ने तहसील पहुंच विरोध जाहिर किया।
बरेली, जेएनएन। Farmers Movement Alert News : दिल्ली में किसानों के प्रदर्शन को लेकर बरेली जोन में अलर्ट रहा। जोन के सभी जनपदों में अफसर सुबह से ही किसानों के प्रदर्शन को लेकर पल-पल की अपडेट लेते रहे। जोन के जिलों में किसानों ने तहसील पहुंच विरोध जाहिर किया और कृषि कानून के विरोध में अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। लिहाजा, जोन का माहौल शांतिपूर्ण रहा। एडीजी अविनाश चंद्र ने जोन के नौ जिलों की रिपोर्ट शासन को भेज दी है।
कृषि कानून के विरोध में 26 जनवरी को लाल किले पर विरोध प्रदर्शन हुआ। उग्र प्रदर्शन के बाद पुलिस ने तमाम लोगों पर मुकदमा दर्ज किया था। इसमें मंडल के पीलीभीत व शाहजहांपुर जनपद के कई किसानाें के नाम शामिल हैं। शनिवार को दिल्ली पुलिस लाल किले पर प्रदर्शन में शामिल आरोपित किसानों की तलाश में पीलीभीत व शाहजहांपुर पहुंची।
प्रदर्शन में शामिल पीलीभीत के चार नामजद आरोपितों की तलाश में पुलिस ने दबिश दी, तो सभी फरार मिले। शाहजहांपुर के पुवाया में भी एक आरोपित की तलाश में दबिश दी गई लेकिन, वह भी फरार मिला। दिल्ली पुलिस ने सभी को नोटिस जारी की है। दिल्ली पुलिस की दबिश से किसानों में हड़कंप रहा। दिल्ली पुलिस नामजद आरोपितों के साथ प्रदर्शन में शामिल अन्य आरोपितों की तलाश में भी जुटी हुई है।
गौरतलब है कि इस मामले में दिल्ली से आई स्पेशल टीम पीलीभीत के पूरनपुर के गुरुद्वारे के मुख्य ग्रंथी की तलाश कर रही है। जिनकी पहचान उन्होंने वीडियो फुटेज के आधार पर की थी। पुलिस ने आरोपितों को पकड़ने के लिए इंटरनेट मीडिया का सहारा लिया था। जिसमें आरोपितों के फोटो वायरल कर लोगों से जानकारी मांगी थी। जिसक आधार पर पुलिस ने एक दर्जन आरोपितों की पहचान की है।