पीलीभीत की चीनी मिल में किसानों ने पकड़ी घटतौली, जानिए फिर क्या हुआ
पीलीभीत के पूरनपुर में चीनी मिल में घटतौली पकड़े जाने पर किसानों ने जमकर हंगामा किया। मिल अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया गया। सूचना पर गन्ना समिति सचिव और एसीडीआई पहुंचे। किसानों ने तौल लिपिक पर एफआईआर की मांग की है।
बरेली, जेएनएन। पीलीभीत के पूरनपुर में चीनी मिल में घटतौली पकड़े जाने पर किसानों ने जमकर हंगामा किया। मिल अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया गया। सूचना पर गन्ना समिति सचिव और एसीडीआई पहुंचे। किसानों ने तौल लिपिक पर एफआईआर की मांग की है।
सहकारी चीनीमिल के क्रय केंद्रों पर घटतौली का मामला लगातार प्रकाश में आ रहा है। भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष स्वराज सिंह ने घटतौली की जानकारी पर गन्ने से भरी ट्राली का धर्म कांटा कराने के बाद उसे चीनी मिल में लगे क्रय केंद्र पर भेजा। वहां लगभग 20 किलो का अंतर पाया गया। किसानों ने दो क्विंटल की घटतौली किए जाने की बात कही। घटतौली का मामला पकड़े जाने पर किसानों ने जमकर हंगामा किया।
मामले की सूचना उच्चाधिकारियों को दी जिसके बाद गन्ना समिति सचिव त्रिलोकी नाथ त्रिपाठी और ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक संजय श्रीवास्तव मौके पर पहुंच गए। किसानों की तरफ से तौल लिपिक पर एफआईआर दर्ज कराने की मांग की गई है। भाकियू के जिलाध्यक्ष ने बताया कि अगर एफआईआर दर्ज नहीं की जाती है तो वह जिला गन्ना अधिकारी का घेराव करेंगे। गन्ना समिति सचिव ने बताया जांच कर कार्रवाई की जा रही है।