सभी विरोधी दल एकजुट हो जाएं तब भी मोदी के सामने बौने ही दिखाई देंगे
कार्यकर्ताओं की बैठक में विधायक ने कहा कि कार्यकर्ता चुनावी समर में अभी से जुट जाएं। तभी मिशन 2019 की कामयाबी संभव है।
बरेली(जेएनएन)। पूर्व मंत्री एवं भोजीपुरा विधायक बहोरन लाल मौर्य ने कहा है कि कार्यकर्ता चुनावी समर में अभी से जुट जाएं। तभी मिशन 2019 की कामयाबी संभव है। कार्यकर्ता भाजपा की जन कल्याणकारी नीतियों को घर-घर पहुंचाएं। भाजपा के बढ़ते जनाधार से घबराए दल महा गठबंधन करके चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। लेकिन सभी विरोधी दल एकजुट हो जाएं तब भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सामने बौने ही दिखाई देंगे। वह भोजीपुरा में दिव्यानंद आश्रम के सत्संग भवन के प्रांगण में कार्यकर्ताओं की बैठक को संबाेधित कर रहे थे।
बैठक में लोकसभा संयोजक संजीव अग्रवाल ने कहा कि भाजपा के वरिष्ठ नेता 21सदस्यीय बूथ समिति का अभिनंदन कर रही है। ऐसा किसी दल ने नहीं किया है। उन्होंने कहा कि 17 नवबंर को प्रत्येक बूथ से पांच-पांच कार्यकर्ता बाइक लेकर बरेली पहुंचेंगे। कमल संदेश बाइक रैली से विपक्षियों के दिल की धड़कने और बढ़ जाएंगी। जिला मंत्री पवन शर्मा ने कहा कि कार्यकर्ता किसी भी दल की रीढ़ होते हैं। कार्यकर्ताओं का सम्मान भी जरूरी है। इसी उद्देश्य से भाजपा में बूथ कमेटी के अध्यक्ष और कमेटी का सम्मान घर-घर जाकर किया जा रहा है। 17 नवंबर को होने वाली कमल संदेश रैली की कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौपी। इस अवसर पर सोमपाल शर्मा, महीपाल सिंह, चंचल गंगवार, सूरजपाल शर्मा, राजकुमार द्विवेदी, सुरेन्द्र सिंह लोधी, महेश चंद्र शर्मा, चूरामणि गंगवार, पप्पू साहू, जयदेव मौर्य, नत्थूलाल मौर्य, दुर्गा प्रसाद गंगवार, ब्रजेश गुप्ता, मुनेंद्र गंगवार आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।