Nagar Nigam News : बरेली में उद्यमियों ने उठाया खराब सड़क और जलनिकास का मुद्दा
Nagar Nigam News औद्याेगिक क्षेत्रों की समस्याओं पर नगर निगम में उद्योग बंधुओं की बैठक हुई। उद्यमियों ने औद्योगिक क्षेत्र की खराब सड़क खराब बिजली आपूर्ति और जल निकासी नहीं होने का मुद्दा उठाया। नगर आयुक्त अभिषेक आनंद ने अधिकारियों को समस्याओं को दूर कराने के लिए कहा।
बरेली, जेएनएन। Nagar Nigam News : औद्याेगिक क्षेत्रों की समस्याओं पर नगर निगम में उद्योग बंधुओं की बैठक हुई। उद्यमियों ने औद्योगिक क्षेत्र की खराब सड़क, खराब बिजली आपूर्ति और जल निकासी नहीं होने का मुद्दा उठाया। नगर आयुक्त अभिषेक आनंद ने अधिकारियों को औद्योगिक क्षेत्र का दौरान उद्यमियों के साथ करके समस्याओं को दूर कराने के लिए कहा।
गुरुवार को हुई उद्योग बंधुओं की बैठक में नगर आयुक्त के सामने सबसे पहले पिछली बैठक का कार्यवृत्त रखा गया। परसाखेड़ों के उद्यमियों ने कहा कि इतने सालों में खराब सड़के भी ठीक नहीं हो सकी। बारिश से पहले ही सड़कें उखड़ने लगी। अब जलभराव में हालात और खराब हो गए हैं। ट्रकों के आवागमन में परेशानी हो रही है।
शहर में नालों की सफाई का दावा किया गया। लेकिन औद्योगिक क्षेत्र के नालों की सफाई ठीक से नहीं होने से जलभराव होता है। बारिश का पानी बहुत देर तक ठहरा रहता है। इससे उद्यमियों को परेशानी होती है। साथ ही मच्छर जनित रोग भी फैल सकते हैं।
उद्यमियों ने ये भी कहा कि रोस्टर के मुताबिक होने वाली इन बैठकों में लगातार मुद्दे उठाए जाने के बावजूद इनका निस्तारण नहीं होता है। उद्यमियों ने अपनी नाराजगी भी जाहिर की। नगर आयुक्त ने उद्यमियों को समस्याओं के निस्तारण के लिए आश्वस्त किया। बैठक में नगर निगम के साथ जलनिगम, पुलिस, और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।