बरेली के रबड़ फैक्ट्री में दिखा लुप्तप्राय गिद्ध, वन विभाग की टीम तलाश में जुटी
रबड़ फैक्ट्री के जंगल मे लुप्तप्राय एक गिद्ध रविवार सुबह साढे दस बजे पेड़ की छांव में बैठा दिखा।कस्बा फ़तेहगंज पश्चिमी से बरेली कचहरी जा रहे वकील नवीन कुमार की निगाह अचानक गिद्ध पर पड़ी तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
बरेली, जेएनएन। रबड़ फैक्ट्री के जंगल मे लुप्तप्राय एक गिद्ध रविवार सुबह साढे दस बजे पेड़ की छांव में बैठा दिखा।कस्बा फ़तेहगंज पश्चिमी से बरेली कचहरी जा रहे वकील नवीन कुमार की निगाह अचानक गिद्ध पर पड़ी तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। झटपट बाइक को रोक कर पेड़ की छांव में बैठे गिद्ध का न केवल उन्होंने फोटो खींचा बल्कि उसका वीडियो भी बनाया। हालांकि स्वभाव से शर्मीला स्वभाव का गिद्ध नजदीक आ रहे लोगों को देखकर उड़ गया और फैक्टरी के जंगल में जा घुसा।
जानकारों का मानना है 20 साल से बंद पड़ी रबड़ फैक्ट्री के आसपास काफी घना जंगल फैल चुका है।सालों से बंद पड़ी रबड़ फैक्ट्री में और तरह-तरह के वन्य जीव जंतु भी देखने को मिलते हैं। अब बंद पड़ी रबड़ फैक्ट्री में बाघिन ने भी अपना कब्जा जमा रखा है। आए दिन रबड़ फैक्ट्री के जंगल में तरह तरह के जीव जंतु देखने को मिलते हैं। बरहाल गिद्ध देखे जाने के बाद जीव जंतु प्रेमी काफी खुश हैं ।रेंजर मीरगंज संतोष कुमार ने बताया कि सूचना मिलने पर वह खुद रबर फैक्ट्री के जंगल मे पहुँचे। इसके साथ एक टीम को भी गिद्ध खोजने में लगाया गया है लेकिन अभी तक गिद्ध दिखा नहीं है। रबड़ फैक्ट्री में ही बाघिन दिखी थी। जिसको पकड़ने के लिए वन विभाग ने लाखों रुपये खर्च किए थे लेकिन वह पकड़ में नहीं आई थी। खास बात यह है कि लगाए गए कैमरे तक में बाघिन कैद हुई थी लेकिन वन विभाग उसे पकड़ नहीं सका था।