बरेली में दिन भर हुई रिमझिम बरसात, गर्मी से मिली राहत
अरब सागर से आने वाली नम हवाओं से सक्रिय हुए मानसून का असर गुरुवार को दिखा। जिले में दिन भर रिमझिम बरसात हुई। इससे लोगों को पिछले दिनों लगातार पड़ी गर्मी से भी काफी राहत मिली।
जागरण संवाददाता, बरेली: अरब सागर से आने वाली नम हवाओं से सक्रिय हुए मानसून का असर गुरुवार को दिखा। जिले में दिन भर रिमझिम बरसात हुई। इससे लोगों को पिछले दिनों लगातार पड़ी गर्मी से भी काफी राहत मिली। पंत नगर कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डा.आरके सिंह ने बताया कि उत्तर पश्चिम दिशा से आने वाली इन नम हवाओं की वजह से गुरुवार को सुबह साढ़े आठ से शाम साढ़े पांच बजे तक करीब 4.1 मिलीमीटर बरसात हुई। इससे अधिकतम व न्यूनतम तापमान तेजी से नीचे पहुंचा। गुरुवार को अधिकतम तापमान 27.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम पारा 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। यानी, बरसात की वजह से अधिकतम और न्यूनतम पारे में करीब ढाई डिग्री सेल्सियस का ही अंतर रहा। अधिकतम आर्द्रता 95 और न्यूनतम 83 फीसद दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक मानसून की सक्रियता अगले एक-दो दिन में खत्म होने के आसार हैं। हालांकि अगले एक-दो दिन तक बादल छाए रहेंगे, लेकिन बरसात होने की संभावना नहीं है।
इन मुहल्लों में रही बिजली आपूर्ति की समस्या
बरसात की वजह से बिजली महकमे की सप्लाई को फिर झटका लगा। शहर के अधिकांश मुहल्लों में दिन भर बत्ती आती-जाती रही। सिविल लाइंस सब स्टेशन से संबंधित आवास विकास, कचहरी रोड, सुभाष नगर, मढ़ीनाथ, रामपुर गार्डन, सिविल लाइंस, बीडीए कालोनी से करगैना तक जगह-जगह आपूर्ति बाधित हुई। वहीं, कुतुबखाना, बिहारीपुर, राजेंद्र नगर, माडल टाउन सनराइज एंक्लेव, महानगर, सन सिटी विस्तार आदि मुहल्लों में बिजली सप्लाई बीच-बीच में प्रभावित होती रही। हरूनगला सब स्टेशन से जुड़े पवन विहार, ग्रीन पार्क, मुंशी नगर, आशुतोष सिटी, कुर्मांचल नगर, बिहार कलां, छोटी विहार, जगतपुरा इलाकों की बिजली गुल रही।