पत्नी के कत्ल में फौजी समेत सात लोगों पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज Shahjahanpur News
बहगुल नदी में सूटकेस में शव मिलने के मामले में पुलिस ने फौजी समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की है।
शाहजहांपुर, जेएनएन। बहगुल नदी में सूटकेस में शव मिलने के मामले में पुलिस ने फौजी समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की है। पुलिस ने यह मामला मृतका के पिता की तहरीर पर दर्ज किया है। उन्होंने अपने दामाद पर हत्या करने का आरोप लगाया है।
थाना क्षेत्र के चक चंद्रसेन गांव निवासी सेना के जवान राहुल पाठक की पत्नी पूजा पाठक के कत्ल के मामले मे मृतका के पिता कृष्ण विहारी मिश्र ने दामाद पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका आरोप है कि दामाद पांच लाख रुपये की दहेज की मांग कर रहा था।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर राहुल, ससुर रामलड़ैते, सास ऊषा देवी, जेठ योगेश, जेठानी रानी पाठक, ननद व नन्दोई विमलेश शुक्ला के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपित पति को भी हिरासत में लिया है। प्रभारी निरीक्षक रवि कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।