Double Murder in Bareilly : अधिवक्ता ने की माता पिता की गोली मारकर हत्या, फैली सनसनी
बरेली में संपत्ति को लेकर चल रहे विवाद में बेटे ने अपने बुजुर्ग माता पिता की गोली मारकर हत्या कर दी। बेटे ने घटना को अंजाम उस वक्त दिया जब बुजुर्ग पिता बिस्तर पर बैठे थे और मां शौचालय में थी।
बरेली, जेएनएन। बरेली में संपत्ति को लेकर चल रहे विवाद में एक बेटे ने मंगलवार को सुबह अपने बुजुर्ग माता पिता की गोली मारकर हत्या कर दी। बेटे ने घटना को अंजाम उस वक्त दिया जब बुजुर्ग पिता घर में बिस्तर पर बैठे थे और मां शौचालय में थी। अचानक घटी इस घटना से जहां लोगों में सनसनी फैल गई। वहीं वारदात के बाद आरोपित पुत्र फरार हो गया। पुलिस अधिकारियों की मानें तो बेटे ने संपत्ति विवाद के चलते अवैध असलहे से घटना को अंजाम दिया है। फरार आरोपित की तलाश की जा रही है।
घटना बरेली के मीरगंज थाने के अंंंतर्गत बहरोली गांव की है। यहां रहने वाले रिटायर्ड शिक्षक लालता प्रसाद और उनकी पत्नी मोहिनी देवी ने अपने दोनो बेटों के बीच जमीन का बंटवारा कर दिया था। उन्होंने दोनों को तीस तीस बीघा जमीन दे दी थी। इसी बंटवारे के बाद से एक पुत्र का अपने माता पिता से काफी दिनों से विवाद चल रहा था। मंगलवार को सुबह माता पिता से नाराज चल रहा अधिवक्ता बेटा टीचर्स कालोनी से निकलकर बाइक से अपने गांव स्थित घर पहुंचा। घर में घुसते ही उसने पहले बिस्तर पर बैठे पिता पर अवैध असलहे से फायर कर दिए। जिससे लालता की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद शौचालय में मौजूद मां मोहिनी की भी गोली मारकर हत्या कर दी। दोनों की हत्या करने के बाद वह बाइक से फरार हो गया।
फायरिंग की आवाज सुनकर दौड़े लोग
इधर गोली चलने की आवाज सुनकर लोग दौड़े। जैसे ही लोग लालता प्रसाद के घर पहुंचे तो घर का नजारा देखकर दंग रहे गए। घर में लालता प्रसाद का शव रक्तरंजित हालत में बेड के पास पड़ा था। इसके साथ ही शौचालय में ही मां का शव पड़ा था। लोगो ने घटना की सूचना पुलिस को दी। हत्या की खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी घटना स्थल पहुंचे। जहां उन्होंने घटना स्थल का मुआयना कर लोगो से घटना के बारे में जानकारी ली। जिसके बाद मामले में अपनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
घर के पिछले हिस्से में पड़ा मिला गड़ासा
पुलिस अधिकारियों को घटना स्थल पर गड़ासा भी मिला है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार हत्या करने के पहले आरोपित बेटे द्वारा मारपीट किए जाने की भी संभावना है। हालांकि पुलिस ने मामले में अपनी तफ्तीश शुरू कर दी है। वहीं ग्रामीणों के अनुसार उन्होंने एक के बाद एक पांच फायर की आवाज सुनी है। पुलिस ने घटना स्थल को पूरी तरह से सील कर दिया है।
संपत्ति के विवाद में एक अधिवक्ता दुर्गेश कुमार गंगवार ने अपने माता पिता की अवैध असलहे से गोली मारकर हत्या कर दी है। जिनकी तलाश की जा रही है। मृतक के दूसरे बेटे की तहरीर पर आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज किया जा रहा है। रोहित सजवाण एसएसपी बरेली