अब मथुरा से जम्मू तक मिलेगी सीधी बस सेवा
जागरण संवाददाता, बरेली तीर्थ यात्रियों के लिए खुशखबरी है। देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों म
जागरण संवाददाता, बरेली
तीर्थ यात्रियों के लिए खुशखबरी है। देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शुमार कान्हा नगरी (मथुरा), ताज नगरी (आगरा) और मां वैष्णो देवी (जम्मू) को सीधे बस सेवा से जोड़ने के लिए परिवहन निगम ने बड़ा ही कदम उठाया है। धार्मिक स्थलों के दर्शन करने वाले तीर्थ यात्रियों के लिए अब बार-बार बस या फिर ट्रेन बदलनी नहीं पड़ेगी। अब वे मथुरा से सीधे बस पकड़कर धार्मिक स्थलों के दर्शन करने के लिए जा सकेंगे।
धार्मिक स्थलों को जोड़ने के लिए परिवहन निगम उत्तर प्रदेश ने जम्मू कश्मीर राज्य सड़क परिवहन से इस बाबत अनुबंध किया है। वहीं, नये साल से जम्मू कश्मीर राज्य सड़क परिवहन की ओर से जम्मू से लखनऊ तक वाया दिल्ली बस सेवा शुरू होगी। इसके साथ ही जम्मू से अलीगढ़ और जम्मू से आगरा तक वाया यमुना एक्सप्रेस वे होते हुए बस सेवा शुरू की गई। जबकि उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की ओर से मथुरा से दिल्ली होते हुए कटरा तक बस सेवा शुरू होगी। इसके साथ ही सहारनपुर से जम्मू कटरा के लिए अंबाला, जालंधर, पठानकोट होते और मुजफ्फरनगर से हरिद्वार होते हुए जम्मू कटरा तक बस सेवा शुरू की जाएगी। वैसे, अभी तक जम्मू के लिए प्रदेश से रोडवेज बस सेवा संचालित नहीं थी।
बरेली के बाशिंदे सहारनपुर, मथुरा से ले सकेंगे लाभ
बरेली के बाशिंदे यहां से सहारनपुर और मथुरा जाकर जम्मू कटरा के लिए बस सेवा का लाभ ले सकते हैं। बताते हैं कि सहारनपुर होते हुए जम्मू कटरा की दूरी करीब 900 किलोमीटर है।
उत्तराखंड के विभिन्न शहरों में भेजी जाएंगी 216 नई बसें
उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के बीच हुए परिवहन समझौते के अंतर्गत 551 बसें संचालित होंगी। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की 216 बसों और उत्तराखंड परिवहन निगम की 335 नई बसें दोनों राज्यों के विभिन्न शहरों में संचालित होंगी। इससे पूर्णागिरि, नैनीताल आदि का सफर आसान हो जाएगा।
इनसेट
इन रूटों पर संचालित होंगी बसें
बरेली से हरिद्वार, देहरादून, टनकपुर, हल्द्वानी, काशीपुर के लिए बस सेवाएं संचालित होंगी। इससे दोनों प्रदेशों के अधिकांश धार्मिक स्थलों के लिए सीधे बसों का संचालन शुरू हो जाएगा। साथ ही दिल्ली से ऋषिकेश, देहरादून, कोटद्वार, हल्द्वानी, रामनगर, टनकपुर, हरिद्वार, कालागढ़। मथुरा से हरिद्वार। नोएडा से कोटद्वार। मेरठ से हल्द्वानी। आगरा से देहरादून, ऋषिकेश के लिए बसें संचालित होंगी। इसके साथ उत्तराखंड से कानपुर के लिए जाने वाली बसें भी बरेली से होकर गुजरेंगी। साथ ही फैजाबाद, दिल्ली, लखनऊ, वाराणसी, बहराइच, मथुरा, मुरादाबाद, सहारनपुर, शामली, वृंदावन और हस्तिनापुर से उत्तराखंड के शहरों के लिए बस सेवा शुरू होगी।