डेंगू की संदिग्ध मरीज भर्ती, नहीं मिला प्लेटलेट्स
जागरण संवाददाता, बरेली : जिला अस्पताल में मरीजों के साथ इलाज के नाम पर खिलवाड़ हो रहा है। मंगलवार को
जागरण संवाददाता, बरेली : जिला अस्पताल में मरीजों के साथ इलाज के नाम पर खिलवाड़ हो रहा है। मंगलवार को आंवला की एक और डेंगू की संदिग्ध मरीज को इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। डॉक्टर ने उसे प्लेटलेट्स चढ़ाने के लिए लिखा, लेकिन ब्लड बैंक में मशीन खराब होने के कारण प्लेटलेट्स नहीं मिले। खून की जांच रिपोर्ट भी देर शाम तक नहीं मिल पाई।
आंवला के गांव किटौना में रहने वाली 50 वर्षीय सुरजीत देवी की बीते कुछ दिनों से तबीयत खराब चल रही है। घरवालों ने उन्हें पहले आंवला सीएचसी में भर्ती कराया था। हालत में सुधार नहीं होने पर उनका बेटा महेंद्र पाल मंगलवार को उन्हें जिला अस्पताल ले आया। यहां इमरजेंसी में उन्हें भर्ती कर दिया। परिजनों ने डॉक्टर को बाहर कराई गई खून की रिपोर्ट दिखाई इसमें उनके प्लेटलेट्स मात्र 13 हजार थे। इस पर डॉक्टर ने जरूरी जांच कराने और ब्लड बैंक से प्लेटलेट्स लाकर चढ़ाने को कहा। महेंद्र पर्ची लेकर ब्लड बैंक गए, लेकिन वहां मशीन खराब होने के कारण उन्हें प्लेटलेट्स नहीं मिल पाए। रात तक उन्हें खून की जांच रिपोर्ट भी नहीं मिल पाई थी।
प्लेटलेट्स अलग करने वाली मशीन खराब
ब्लड बैंक में नार्मल खून से आरबीसी, प्लाज्मा और प्लेटलेट्स अलग किए जाते हैं। फिर जरूरत के हिसाब से मरीजों को चढ़ाए जाते हैं। इन्हें सेंटी फ्यू मशीन अलग करती है। ब्लड बैंक में आरबीसी, प्लाज्मा तो अलग हो रहे हैं, लेकिन बैलेंस मशीन में खराबी के चलते प्लेटलेट्स अलग नहीं हो पा रहे हैं। इस कारण मरीजों को प्लेटलेट्स नहीं मिल पा रहे हैं। वर्जन :
खून से प्लेटलेट्स अलग करने की मशीन में खराबी आई है। इसे ठीक करने को शिकायत कर दी है। जल्द मशीन ठीक हो जाएगी और मरीजों को प्लेटलेट्स दिए जाएंगे।
डॉ. यूवी सिंह, प्रभारी ब्लड बैंक