पीलीभीत में उठी महाराष्ट्र सरकार को बर्खास्त करने की मांग, फूंका उद्धव ठाकरे का पुतला
बालीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत के आफिस पर महाराष्ट्र सरकार द्वारा बुलडोजर चलाए जाने का विरोध अब थमने का नाम नहीं ले रहा है। मामले की गूंज यूपी तक पहुंची चुकी है।
पीलीभीत, जेएनएन। बालीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत के आफिस पर महाराष्ट्र सरकार द्वारा बुलडोजर चलाए जाने का विरोध अब थमने का नाम नहीं ले रहा है। मामले की गूंज यूपी तक पहुंची चुकी है। जिसके चलते अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने गांव कांहाटांडा में बैठक की। इसके साथ ही मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे का पुतला फूंककर नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन भेजकर अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के जिलाध्यक्ष संजय सिंह तोमर ने महाराष्ट्र सरकार को बर्खास्त करने की मांग की है।
विरोध कर रहे अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के पदाधिकारियों ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार के दमनकारी रवैया और भ्रष्टाचार के चलते महासभा में काफी आक्रोश है। अभिनेत्री कंगना रनौत इस देश की बेटी होने के साथ साथ क्षत्रिय परिवार की बेटी हैं। उन्होंने बालीवुड के फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े ड्रग माफियाओं के रैकेट का भंडाफोड़ किया है। उन्होने वर्चस्व के खिलाफ खुलकर आवाज उठाई है। कंगना रनौत के इस कार्य से बालीवुड के माफिया डर गए हैं।
महाराष्ट्र सरकार के भी कदम लडखडाते नजर आ रहे हैं। कंगना रनौत के कार्यालय पर सरकार ने बदले की भावना को लेकर कार्रवाई की है। महाराष्ट्र हाईकोर्ट ने कंगना को बड़ी राहत देते हुए ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पर रोक लगाई है। महाराष्ट्र की हालत बदतर होती जा रही है। पालघर में दो साधुओं की हत्या हो या फिर सुशांत की मौत का मामला। महाराष्ट्र सरकार को तत्काल बर्खास्त कर राष्ट्रपति शासन लागू किया जाए।
पुतला दहन करने के दौरान जिलाध्यक्ष संजय सिंह तोमर, रामचंद्र पवार, महेंद्र सिंह, रामदेव, श्रीपाल सिंह, राजेंद्र सिंह, भगत सिंह, सतीश गिरी, तरूण सिंह, सज्जन सिंह, भारत सिंह, रेशम सिंह, गजेंद्र सिंह, अंशु गौरव सिंह आदि मौजूद रहे।