Wildlife : पीलीभीत के कलक्ट्रेट परिसर में घूमा मगरमच्छ, वीडियो वायरल
उत्तर प्रदेश के पीलीभीत के कलक्ट्रेट परिसर में बुधवार की देर रात मगरमच्छ के घूमने का वीडियाे वायरल हुआ है। पीलीभीत की खकरा नदी से निकलकर एक मगरमच्छ कलेक्ट्रेट परिसर में घुस गया।
पीलीभीत, जेएनएन। Pilibhit Tiger Reserve : उत्तर प्रदेश के पीलीभीत के कलक्ट्रेट परिसर में बुधवार की देर रात मगरमच्छ के घूमने का वीडियाे वायरल हुआ है। पीलीभीत की खकरा नदी से निकलकर एक मगरमच्छ कलेक्ट्रेट परिसर में घुस गया। जिसके बाद वह काफी देर तक सुुनसान सड़क पर घूमता रहा। इसी दौरान रास्ते से गुजरने वाले कुछ लोगो ने सड़क पर घूमते हुए मगरमच्छ का मोबाइल से वीडियो बना लिया। जिसे रात में ही सोशल मीडिया में वायरल कर दिया।
कलक्ट्रेट के पास स्थित खरका नदी से एक मगरमच्छ बुधवार की देर रात निकल आया। जो पहले टनकपुर हाईवे पर आया जिसके बाद कलक्ट्रेट परिसर की ओर आ गया। कलक्ट्रेट परिसर की ओर से गुजर रहे कार सवार कुछ युवकों ने सड़क पर मगरमच्छ काे घूमते देखा। यह देख पहले तो वे आश्चर्यचकित हुए। इसके कुछ देर बाद उन्होंने घूमते हुए मगरमच्छ का वीडियो बनाया। उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
इस मामले में सामाजिक वानिकी वन्यजीव प्रभाग के डीएफओ संजीव कुमार का कहना है कि मगरमच्छ अक्सर नदी से निकलकर किसी तालाब की ओर रुख कर देते हैं। वह पानी और सूखे में समान रूप से चल सकते हैं। इस मगरमच्छ के बारे में सूचना मिली थी। रात में ही टीम मौके पर पहुंची लेकिन मगरमच्छ नहीं दिखा। दुबारा फिर टीम भेजी गई है। अगर कहीं आसपास तालाब या अन्य स्थान पर वह मगरमच्छ मिल जाता है तो रेस्क्यू करके नदी में उसे वापस छोड़ा जाएगा।
वन्यजीवों से दहशत में रहते है लोग
पीलीभीत टाइगर रिजर्व के जंगल में कई खतरनाक वन्यजीव बाघ, तेंदुआ और भालू रहते है। इसके साथ ही नदिया होने के कारण जलीय जीव मगरमच्छ आदि आए दिन सडक पर निकल आते है। इसके अलावा यह वन्यजीव गांवों और अन्य क्षेत्रों में भी घुसकर उत्पात मचाते है। इसके अलावा कई बार हमला भी करते है। इस कारण से यहां रहने वाले लोग अधिक्तर वन्य जीवों से दहशत में भी रहते है।