Conversion in Badaun : बदायूं में गोरखपुर की पूजा को बना दिया जीनत, महिला के दो बच्चों का भी कराया मतांतरण
Religious Conversion in Badaun उत्तर प्रदेश के जनपद बदायूं में दातागंज के गांव इस्माइलपुर में रविवार देर शाम एक युवक गोरखपुर की महिला और उसके दो बच्चों को लेकर पहुंचा। कुछ लोगों ने पुलिस को जानकारी दी कि गांव में युवक हिंदू महिला का मतांतरण कराकर लाया है।
बरेली, जेएनएन। Religious Conversion in Badaun : उत्तर प्रदेश के जनपद बदायूं में दातागंज के गांव इस्माइलपुर में रविवार देर शाम एक युवक गोरखपुर की महिला और उसके दो बच्चों को लेकर पहुंचा। कुछ लोगों ने पुलिस को जानकारी दी कि गांव में युवक हिंदू महिला का मतांतरण कराकर लाया है। महिला के दो बच्चों का भी धर्म परिवर्तन करके नाम बदल दिए गए हैं। मतांतरण की जानकारी पर पुलिस महिला और उसके दोनों बच्चों को थाने ले गई। जहां सभी के बयान दर्ज किए गए। इसके बाद महिला के कहने पर उसे युवक के साथ घर भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गोरखपुर निवासी पूजा अपने पति के साथ दिल्ली में रहती थी। करीब सात साल पहले पूजा के पति की मौत हो गयी। इसके बाद पूजा दिल्ली में ही थी। इसी दौरान पूजा की मुलाकात दातागंज कोतवाली क्षेत्र के गांव इस्माइलपुर निवासी इस्माइल से हुई। इस्माइल ने उसे अपने साथ रहने का प्रस्ताव दिया। पूजा अपने दो बच्चों के साथ इस्माइल के साथ रहने लगी। बीते छह सात साल से पूजा इस्माइल के साथ रह रही थी। रविवार शाम को इस्माइल महिला को लेकर गांव पहुंंचा।
इसके बाद हिंदूवादी संगठनो ने सीओ दातागंज प्रेमकुमार थापा से शिकायत की कि एक महिला को हिंदू से जबरन मुस्लिम बनाया जा रहा है। उसके दो बच्चों का भी मुस्लिम रीतिरिवाज के साथ मुस्लिम बनाया जा चुका है। इसकी जानकारी अन्य हिंदूवादी संगठनों को मिलने के बाद माहौल गर्मा गया। इस पर दातागंज इंस्पेक्टर वीरपाल सिंह महिला पूजा उसके दोनों बच्चों और इस्माइल को लेकर कोतवाली आये। जहां महिला ने बताया कि वह गोरखपुर की रहने वाली है उसका नाम पूजा है। इस्माइल के संपर्क में आने के बाद वह पूजा से जीनत बन गई है।
इधर हिंदूवादी संगठनों के आरोप के चलते पुलिस ने महिला, उसके बच्चों व इस्माइल के बयान दर्ज किए। इसके बाद महिला के कहने पर उसे इस्माइल के साथ घर भेज दिया गया। इंस्पेक्टर दातागंज वीरपाल सिंह ने बताया कि महिला और उसके दो बच्चों के मतांतरण की जानकारी के बाद सभी को थाने लाया गया। सीओ दातागंज के शिकायत की गई थी। महिला और बच्चों से पूछताछ की गई। उन्होंने बताया कि वह अपनी मर्जी से रह रहे हैं। फिलहाल उन्हें युवक के साथ भेज दिया गया है। सोमवार को फिर जांच की जाएगी।