आयात शुल्क में कटौती से लगातार सोने के कीमतों में गिरावट, आगामी सहालग के चलते लोग कर रहे खरीदारी
बजट में वित्त मंत्री के सोना-चांदी पर आयात शुल्क में कटौती की घोषणा का असर सराफा बाजार में दिखाई देने लगा है। बजट के बाद बाजार में सोने-चांदी के भाव में कमी आई है। बाजार में लोगों के खरीदारी करने से ज्वेलर्स के चेहरे पर चमक है।
बरेली, जेएनएन। बजट में वित्त मंत्री के सोना-चांदी पर आयात शुल्क में कटौती की घोषणा का असर सराफा बाजार में दिखाई देने लगा है। बजट के बाद बाजार में सोने-चांदी के भाव में कमी आई है। बाजार में लोगों के खरीदारी करने से ज्वेलर्स के चेहरे पर चमक है। सोने की कीमत में लगातार गिरावट देखनेे को मिल रही है। गुरुवार को सोने के दाम हाजिर में 48,750 रुपये प्रति 10 ग्राम रही। पिछले पांच दिन में सोने के कीमत में करीब 2200 रुपये तक की गिरावट आयी है। सोने की कीमत में गिरावट का असर सराफा बाजार में पिछले तीन दिनों से दिखाई दे रहा है। गुरुवार को बंदी का दिन होने के कारण बाजार बंद रहा। बरेली सर्राफा एसोसिएशन के अध्यक्ष राजकुमार अग्रवाल ने बताया कि सोने के दामों में कमी से बाजार में ग्राहक निकले हैं। जिन लोगों के घर में अप्रैल में शादियां हैं, वो अभी खरीदारी कर रहे हैं। उन्हें लग रहा है कि यह खरीदारी का सही समय है।
सहालग के लिए नई रेंज
अप्रैल की सहालग के लिए ज्वैलरी की नई रेंज बाजार में आ गई है। इसमें दुल्हन के लिए हैवी पोल्की चोकर नेकलेस, मल्टी लेयर नेकलेस को ज्यादा पसंद किया जा रहा है। बदलते ट्रेंड में कंगन के डिजायन में भी बदलाव आया है। इसके साथ डबल लेयर झ़ुमके और हुप्स झुमके भी पंसद किए जा रहे हैं।
22 अप्रैल से हाेंगी शादियां
बसंत पंचमी के बाद अब 22 अप्रैल के बाद से विवाह का शुभ मुहूर्त शुरू होगा। इसके बाद दिसंबर तक शादियों के लिए कई शुभ तिथियां हैं।
क्या कहते हैं जानकार
भविष्य में रेट कम न होने की उम्मीद के चलते ग्राहक अभी खरीदारी कर रहा है। ग्राहकों के लिए नई रेंज के आभूषण भी बाजार में उपलब्ध है। जिसे वह पसंद कर रहे हैं।
संजय अग्रवाल, रामकुमार अग्रवाला ज्वैलर्स
पिछले पांच दिनों में बाजार में ग्राहक बढ़े हैं। सहालग आने के चलते अच्छी खरीदारी हो रही है। शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्र से अच्छे ग्राहक आ रहे हैं। वहीं, सोने के साथ चांदी के दामों में भी गिरावट रही।
संजीव अवतार अग्रवाल, ज्वैलर्स