सुभाष नगर थाने में जल्द ही टेबल पर नहीं सुंदर भवन में महिलाओं की सुनी जाएंगी समस्याएं
सुभाष नगर थाने में अभी तक महिला हेल्प डेस्क के नाम पर एक टेबल पर महिला सिपाही बैठकर महिलाओं की समस्याओं को सुनती थी। दरअसल थाने में अभी तक महिला हेल्प डेस्क के लिए कोई कमरा नहीं है। इससे फरियादियों को भी परेशानी हो रही थी।
बरेली, जेएनएन। सुभाष नगर थाने में अभी तक महिला हेल्प डेस्क के नाम पर एक टेबल पर महिला सिपाही बैठकर महिलाओं की समस्याओं को सुनती थी। दरअसल थाने में अभी तक महिला हेल्प डेस्क के लिए कोई कमरा नहीं है। इससे जहां महिला सिपाहियों को दिक्कत हो रही थी वहीं फरियादियों को भी परेशानी हो रही थी। मिशन शक्ति के तहत अब थाने में महिला हेल्प डेस्क के लिए भवन निर्माण शुरू हो गया है। इसकी शुरुआत शनिवार से हुई है। इस भवन के लिए एक लाख रुपये का बजट आवंटित किया गया है। एक सप्ताह में निर्माण कार्य पूरा होने के बाद महिला हेल्प डेस्क का पूरा सेटअप इसमें लगा दिया जाएगा। बता दें कि मिशन शक्ति के तहत प्रदेश के सभी थानों में महिला हेल्प डेस्क का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण कार्य के लिए शासन स्तर से प्रत्येक थानों के लिए एक-एक लाख रुपये का बजट आवंटित किया जा चुका है। इसी के तहत जनपद के प्रत्येक थानों में हेल्प डेस्क का निर्माण कराया जा रहा है। जनपद में अभी तक कोतवाली और नवाबगंज थाने में अलग से महिला हेल्प डेस्क का सेटअप तैयार किया जा चुका है। अब अलग-अलग थाना स्तर पर कार्य शुरू किया जा चुका है। प्रभारी निरीक्षक सुभाषनगर सुनील कुमार ने बताया कि एक सप्ताह में हेल्पडेस्क का पूरा सेटअप तैयार हो जाएगा। इसके बाद महिला हेल्प डेस्क के कर्मचारी यहां पर बैठकर काम करेंगे।