शाहजहांपुर में सीएम योगी बोले, प्रदेश में अपराधी गले में तख्ती लटकाकर मांग रहे जान की भीख
CM Yogi in Shahjahanpur मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में अपराधी गले में तख्ती लटकाकर जान की भीख मांगते घूम रहे हैं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में अब भारत बदल रहा है। दुश्मन अगर आंख दिखाता है तो उसे निकालकर हथेली पर रख दिया जाता है।
बरेली, जेएनएन। CM Yogi in Shahjahanpur : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में अपराधी गले में तख्ती लटकाकर जान की भीख मांगते घूम रहे हैं। उन्हें मालूम है कि अगर दंगा करने या कराने की कोशिश की तो उनकी सात पीढ़ियां अंजाम भुगतेंगी। मुख्यमंत्री मंगलवार को जलालाबाद के काकोरी शहीद इंटर कालेज व शहर के खिरीनबाग स्थित राजकीय इंटर कालेज मैदान में जनसभाओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में अब भारत बदल रहा है। दुश्मन अगर आंख दिखाता है तो उसे निकालकर हथेली पर रख दिया जाता है।
अब तक अपराधियों की 1800 करोड़ की अवैध संपत्ति जब्त की जा चुकी है। उन पर बुलडोजर चलवाकर गरीबों के आवास बनवाए जा रहे हैं। सपा का नाम लिया बिना कहा कि 2017 से पहले दीपावली व अन्य त्योहारों पर कर्फ्यू सा लग जाता था। भाजपा सरकार में लोग हर्षोल्लास से इन पर्व को मना रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार अपराध व भ्रष्टाचार को लेकर जीरो टालरेंस पर काम कर रही है।
पहले लोग अयोध्या जाने से भी घबराते थे। सोचते थे पता नहीं किसके साथ क्या हो जाए। आज वहां बड़े-बड़े आयोजन हो रहे हैं। पहले सिर्फ सैफई में बड़े आयोजनों के नाम पर नाच गाना होता था। किसानों की 86 लाख किसानों की कर्ज माफी, सम्मान निधि सहित विभिन्न योजनाओं का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जब किसी की नीयत साफ होती है तो काम भी दमदार होता है।
उन्होंने कहा कि मजनुओं को ठीक करने के लिए महिला कांस्टेबल की भर्ती भी भाजपा सरकार में बड़े स्तर पर हुई। पहले ट्रांसफर में खेल होते थे। नौकरियों में योग्यता नहीं पैसा महत्वपूर्ण था। विधानसभा चुनाव में सभी छह सीटें जिताने का आह्वान करते हुए उन्होंने फिर से सरकार बनाने का संकल्प दिलाया। इससे पहले मुख्यंत्री ने 500 करोड़ से अधिक की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जिनका शिलान्यास हो रहा है
उनका काम समय से पूरा कराया जाए। उन्होंने आवास विकास कालोनी मेें पूर्व सांसद स्व. विशन चंद्र सेठ की प्रतिमा का भी अनावरण किया। वित्तमंत्री सुरेश कुमार खन्ना, प्राविधिक शिक्षा मंत्री जितिन प्रसाद, सांसद अरुण सागर ने भी सभा को संबोधित किया।