बदायूं में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से लौट रह बस पलटी, टला बड़ा हादसा, आठ महिलाओं सहित नौ घायल
Accidend in Badaun यूपी के बदायूं में प्रयागराज से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यक्रम से वापस लौट रही बस बुधवार की सुबह उसहैत थाना क्षेत्र में हरेंडी गांव के पास पलट गई। हादसे में स्वयं सहायता समूह की आठ महिलाओं समेत नौ लोग घायल हुए हैं।
बरेली जेएनएन। Accidend in Badaun : यूपी के बदायूं में प्रयागराज से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यक्रम से वापस लौट रही बस बुधवार की सुबह उसहैत थाना क्षेत्र में हरेंडी गांव के पास पलट गई। हादसे में स्वयं सहायता समूह की आठ महिलाओं समेत नौ लोग घायल हुए हैं। घायलों को जिला अस्पताल भेज गया है। जिले से राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की स्वयं सहायता समूह की 1500 महिलाओं को प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में शामिल कराने के लिए प्रयागराज ले जाया गया था।
कार्यक्रम समाप्त होने के बाद 48 महिलाओं को लेकर बस वापस लौट रही थी, जिसमें एक एडीओ, दो चालक और एक परिचालक भी थे। सुबह करीब छह बजे जब बस जिले में वापस आ चुकी थी, हरेंडी गांव के निकट मोड़ पर बस पलट गई। एडीओ और आठ महिलाएं घायल हुई हैं। इन्हें उसहैत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाया गया, चार महिलाओं की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के जिला प्रबंधक अमित कुमार ने बताया कि घायलों का उपचार कराने के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।