बरेली जंक्शन पर शिकायत हाेते ही गायब हुए 500 रुपये मांगने वाले दलाल Bareilly News
रेलवे जंक्शन पर एक दलाल ने उनसे प्रति सवारी 5-5 सौ रूपए मांगे। सभी ने अधिकारियों से वार्ता करने की बात कही तो वह गायब हो गए।
बरेली, जेएनएन। औरैया में हुए सड़क हादसे के बाद प्रदेश सरकार प्रवासियों को गंतव्य तक पहुंचाने के लिए गंभीर है। बावजूद इसके सरकार की मंशा पर कुछ लोग पलीता लगाने का काम कर रहे हैं। बुलंदशहर से पलिया जाने के लिए बस पर बैठे 11 प्रवासियों को चालक ने लाल फाटक के पास उतार दिया। जिसके बाद सभी स्टेशन का पता पूछते हुए जंक्शन पहुंचे।
बस न मिलने पर वह सभी मनोरंजन सदन के पास बैठ गए। यहां पर स्काउट गाइड के लोगों ने सभी को भोजन कराया। छाया में बैठे संजय कुमार, रामनिवास, लाल जी, छोटी देवी, सुनीता, रंजना आदि स्टेशन अधीक्षक सत्यवीर सिंह व वहां मौजूद रोडवेज के अधिकारियों से मिले। वहां सभी ने ट्रेन आने के बाद पलिया की ओर जाने वाली बस से भेजे जाने की बात कही।
इसी बीच पहुंचे एक दलाल ने उनसे प्रति सवारी 5-5 सौ रूपए मांगे। सभी ने अधिकारियों से वार्ता करने की बात कही तो वह गायब हो गए। इसी प्रकार बिहार के बेगूसराय के रहने वाले विष्णु पासवान हरिराम आंवला में काम करते थे। लॉक डाउन में ठेकेदार द्वारा मना किए जाने पर एक व्यक्ति ने तीनों लोगों को जंक्शन पर छोड़ दिया। यहां से गोरखपुर होते हुए बरौनी, बेगूसराय जाने की बात कही।
मामला संज्ञान में नहीं है सर्कुलेटिंग एरिया से रोडवेज की बसें प्रवासियों को निशुल्क लेकर जा रही है। यदि कोई पैसा मांगता है और शिकायत मिलती है तो कार्यवाही की जाएगी। विपिन कुमार सिसोदिया, इंस्पेक्टर आरपीएफ
अनुबंधित बसों को भी सड़कों पर उतारा: प्रवासियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए बरेली परिक्षेत्र की सभी रोडवेज बसें लगाई गई हैं। बरेली परिक्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक एसके बनर्जी ने बताया कि उनके यहां मौजूद 540 साधारण बसों में 510 बसें पहले से ही सड़क पर हैं। जबकि अन्य बसों को भी प्रवासियों को भेजने के लिए लगा दिया गया है। मुख्यालय के आदेश पर अनुबंधित 86 बसों को भी बुला कर लगा दिया गया है। बताया कि गाजियाबाद में फंसे प्रवासियों के लिए 75 बसें भेजी गई हैं।