भोजीपुरा में वायरल हुआ भाजपा विधायक के कंबल वितरण का वीडियाे, सपा के पूर्व मंत्री ने डीएम से की शिकायत
UP Chunav 2022 विधानसभा चुनाव की आचार संहिता लगने के दूसरे ही दिन भोजीपुरा में आयोग के निर्देशों को तार-तार कर दिया गया। स्वामी दिव्यानंद आश्रम में भीड़ इकट्ठी कर कंबल वितरण किया गया। वीडियो वायरल होने पर सपा के पूर्व मंत्री ने डीएम से शिकायत की।
बरेली, जेएनएन। UP Chunav 2022 : विधानसभा चुनाव की आचार संहिता लगने के दूसरे ही दिन भोजीपुरा में आयोग के निर्देशों को तार-तार कर दिया गया। स्वामी दिव्यानंद आश्रम में भीड़ इकट्ठी कर कंबल वितरण किया गया। वीडियो वायरल होने पर सपा के पूर्व मंत्री शहजिल इस्लाम ने स्थानीय विधायक पर आरोप लगाते हुए डीएम व एसडीएम से शिकायत की। पुलिस को मौके पर भीड़ नहीं मिली। एसडीएम ने जांच के बाद कार्रवाई की बात कही।
मामला भोजीपुरा ओवरब्रिज के पास स्थित स्वामी दिव्यानंद आश्रम का है। वायरल वीडियो में यहां कंबल वितरण का कार्यक्रम चल रहा है, जिसमें काफी भीड़ इकट्ठी हुई है। पूर्व केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार समेत भाजपा के कई पदाधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए हैं। मौजूदा विधायक हाथ में माइक थामे लोगों के पास उनकी कुर्सियों तक जा रहे हैं। वही पर कुछ लोग कंबल बांट रहे हैं। भीड़ में शारीरिक दूरी का ध्यान नहीं रखा गया है। मंच के साथ ही नीचे भी सभी लोग बहुत पास बैठे हुए हैं। कई लोगों ने मास्क भी नहीं लगाया है।
आचार संहिता लगने के बाद सभा करने और कोविड गाइडलाइन का पालन नहीं किए जाने की शिकायत सपा के पूर्व मंत्री शहजिल इस्लाम ने सुबह करीब 11 बजे डीएम मानवेंद्र सिंह और एसडीएम कुमार धर्मेंद्र से की। वायरल वीडियो के बारे में भी बताया। इस पर एसडीएम ने मौके पर स्थानीय पुलिस इंस्पेक्टर को भेजा। एसडीएम ने बताया कि पुलिस इंस्पेक्टर को कार्यक्रम स्थल पर कोई नहीं मिला। वीडियो की जांच वीडियो व्यूविइंग टीम (वीवीटी) को कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर ही कार्रवाई की जाएगी।
- सुबह करीब 11 बजे कार्यकर्ताओं से भोजीपुरा पुल के पास आश्रम में कंबल वितरण की सूचना मिली थी। उनसे ही वीडियो भी मिला। इसकी शिकायत डीएम और एसडीएम से शिकायत की। शहजिल इस्लाम, पूर्व मंत्री, सपा
- हमारी ओर से कोई कार्यक्रम नहीं कराया गया था। हम कंबल नहीं बांट रहे थे बल्कि हम कुछ नहीं बांट रहे थे। बहोरन लाल मौर्य, भाजपा विधायक, भोजीपुरा