Bird Flu News : बरेली सीएआरआइ में जांच के लिए नहीं आए कानपुर जू से सैंपल
Bird Flu News बर्ड फ्लू का जिले में भले ही कोई केस सामने नहीं आया है लेकिन कानपुर और लखनऊ में केस मिलने के बाद हलचल बढ़ गई है। भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आइवीआरआइ) और केंद्रीय पक्षी अनुसंधान संस्थान (सीएआरआइ) इस पर विशेष नजर रखे हैं।
बरेली, जेएनएन। Bird Flu News : बर्ड फ्लू का जिले में भले ही कोई केस सामने नहीं आया है, लेकिन कानपुर और लखनऊ में केस मिलने के बाद हलचल बढ़ गई है। भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आइवीआरआइ) और केंद्रीय पक्षी अनुसंधान संस्थान (सीएआरआइ) इस पर विशेष नजर रखे हैं।
आइवीआरआइ में पशु रोग अनुसंधान और निदान केंद्र (कैडरेड) है। वर्ष 2011-12 में यहां बीएसएल-3 लैब बनाई गई थी। इसमें मुख्य रूप से बर्ड फ्लू वायरस की जांच होती है। हालांकि कुछ महीने पहले इसी लैब में कोविड वायरस की जांच शुरू हुई थी। इसी बीएसएल-3 लैब में कानपुर चिड़ियाघर के कुछ पक्षियों में वायरस की जांच होनी है। इसके लिए सोमवार को पक्षियों के स्वैब, बीट और सीरम के सैंपल आने थे। हालांकि देर शाम तक सैंपल संस्थान की लैब तक नहीं पहुंचे।
वहीं, सीएआरआइ में बर्ड फ्लू को लेकर देश भर में होने वाली हर हरकत पर नजर रखी जा रही है। इसके अलावा संस्थान के अंदर बाहरी लोगों का प्रवेश वर्जित किया जा चुका है। यहां मुर्गे-मुर्गियों व अन्य कुक्कुट प्रजाति की सुरक्षा के लिए लगातार निगरानी हो रही। खुले स्थानों पर दाना-पानी रखने पर भी बैन है। केंद्रीय पक्षी अनुसंधान संस्थान के निदेशक डॉ.संजीव कुमार ने बताया कि जैव सुरक्षा के सभी प्रयास किये जा रहे हैं।