Bird Flu News : आइवीआरआइ के पूर्व निदेशक बोले- मुर्गे-मुर्गियां ही नहीं गिनीफाउल, तीतर और बटेर का सेवन भी खतरनाक
Bird Flu News कोरोना वायरस से चल रही जंग के बीच बर्ड फ्लू भी देश भर में खतरे की वजह बन गया है। ऐसे में देश भर में विशेषज्ञ फिलहाल पक्षियों से दूर रहने की हिदायत दे रहे हैैं।
बरेली, जेएनएन। Bird Flu News : कोरोना वायरस से चल रही जंग के बीच बर्ड फ्लू भी देश भर में खतरे की वजह बन गया है। ऐसे में देश भर में विशेषज्ञ फिलहाल पक्षियों से दूर रहने की हिदायत दे रहे हैैं। वजह बर्ड फ्लू बड़ी तादाद में पक्षी और कुक्कुट प्रजाति को शिकार बना चुका है। ऐसे में इस समय मुर्गे या मुर्गियां ही नहीं तीतर, बटेर या अन्य कुक्कुट प्रजाति जैसे गिनी फाउल और टर्की का सेवन भी खतरनाक है।
भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आइवीआरआइ) के पूर्व निदेशक डॉ.राजकुमार सिंह बताते हैैं कि वैसे तो मीट पकाकर खाने में किसी तरह की दिक्कत नहीं है। क्योंकि पकाने पर वायरस मर जाता है। दिक्कत इससे पहले की प्रक्रिया में है। जिसमें कुक्कुट प्रजाति को काटते या धोते समय इंसान के वायरस की चपेट में आने का खतरा बढ़ जाता है। वजह, इस दौरान बर्ड फ्लू का वायरस (एच5एन1) नाक के जरिए शरीर में आसानी से प्रवेश कर सकता है।
अंडे भी उबालकर और पकाकर ही खाएं
सर्दी के मौसम में मीट के साथ ही अंडे की डिमांड भी काफी बढ़ जाती है। बर्ड फ्लू का खतरा यहां भी है, लेकिन जरा से एहतियात से इससे बचा जा सकता है। डॉ.सिंह के मुताबिक अंडे को किसी ऐसी जगह से न खरीदें जहां बर्ड फ्लू का प्रकोप फैल चुका है। इसके अलावा अन्य जगहों से खरीदते समय अंडे के सीधे संपर्क में आने से बचें। कच्चे अंडे का सेवन किसी भी रूप में न करें। हां, उबालकर या किसी भी अन्य रूप में पकाकर अंडे खा सकते हैैं।