बरेली में पेड़ कटवाने के विवाद में भाभी की पीटकर हत्या
पेड़ कटवाने को लेकर हुए विवाद में बड़ी वारदात हो गई। बुधवार की रात को देवर ने महिला की पीटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद वह फरार हो गया उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जबकि तीनों बच्चे रात भर मां के शव पास सहमे बैठे रहे।
बरेली, जेएनएन। पेड़ कटवाने को लेकर हुए विवाद में बड़ी वारदात हो गई। बुधवार की रात को देवर ने महिला की पीटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद वह फरार हो गया, उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जबकि तीनों बच्चे रात भर मां के शव पास सहमे बैठे रहे।
गांव पुनई में धर्मवती उर्फ पूनम चौधरी के पति सीताराम का पिछले साल होली पर निधन हो गया था। जिसके बाद से वह देवर मोहन लाल के साथ रहने लगी थीं। बुधवार की रात को उनका मोहन लाल से विवाद हो गया। आरोप है कि उसने लाठी से पीटा, फिर फावड़े से वार कर दिए। जिससे धर्मवती की मौके पर मौत हो गई। घटना के बाद आरोपित वहां से फरार हो गया।
डर के चलते घर में दुबक गए बच्चे
धर्मवती के तीन बच्चे हैं। जब आरोपित उन्हें पीट रहा था, तब तीनों जाग गए थे। मां पर हमला होता देख वे सहम गए। आरोपित वहां से भागा, तब बच्चों ने मां को उठाने का प्रयास किया मगर शरीर में हलचल नहीं हुई। रात भर बच्चे शव के पास ही बैठे रहे। सुबह को धर्मवती के घर में कोई चहल-पहल नहीं हुई तो पड़ोसियों ने आवाज लगाई। तब बच्चे बाहर आए और घटना की जानकारी दी।
मम्मी को सोते हुए पीट-पीटकर मार डाला चाचा ने
धर्मवती की नौ वर्षीय बेटी रंजिका बेहद डरी हुई थी। बार-बार पूछा तो इतना बता सकी कि चाचा अचानक आए और मम्मी को पीटने लगे। पहले गला दबाया, इसके बाद लाठियों से पीटा। कुछ देर बाद मम्मी जमीन पर गिर गईं, फिर नहीं उठीं। तीनों बच्चों को लेकर पड़ोसी भी फिक्रमंद दिखे। पिता की पहले ही मौत हो चुकी, अब मां की हत्या हो गई, चाचा जेल चला जाएगा। ऐसे में बच्चों की परवरिश का सवाल उठ रहा।
पेड़ काटने को था विवाद
परिवार से जुड़े लोगों ने बताया कि धर्र्मवती खेत में खड़े यूके लिप्टिस के पेड़ कटवाना चाहती थीं, लेकिन मोहन लाल इसका विरोध कर रहा था। उसका कहना था कि पेड़ बाद में बच्चों के काम आ जाएंगे, मगर धर्मवती पेड़ कटवाने पर अड़ी हुई थीं। इसी बात को लेकर घर में काफी समय से कलह चल रही थी।
पति व देवर की जायदाद पर था मालिकाना हक
शीशगढ़ के गांव सहजनी निवासी धर्मवती तेज तर्रार थीं। पति की मौत के बाद जब रिश्तेदारों ने देवर के साथ रहने को कहा तो उन्होंने पति व देवर की संपत्ति पर मालिकाना हक हासिल कर लिया। परिवार से जुड़े सभी निर्णय वही लेती थीं। अनदेखी होने से मोहनलाल विवाद करने लगा था।
क्या बोले पुलिस अधिकारी
देवर के साथ धर्मवती पत्नी के रूप में रह रही थी। कहासुनी होने पर देवर ने उसकी हत्या कर दी। महिला के जेठ यादराम की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। हत्यारोपित को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सत्यनारायन प्रजापति, आइपीएस ट्रेनी, थाना प्रभारी बहेड़ी