बरेली के मेडिकल स्टोर संचालक की हरियाणा के यमुनानगर में चाकुओ से गोदकर हत्या
Bareillys Medical Store Operator Murdered in Haryana उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद के नवाबगंज कस्बे के एक मेडिकल स्टोर संचालक की हरियाणा के यमुनानगर में चाकुओं से गोद कर हत्या कर दी गयी। पुलिस को खून से लथपथ उसका शव कार में मिला।
बरेली, जेएनएन। Bareillys Medical Store Operator Murdered in Haryana : उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद के नवाबगंज कस्बे के एक मेडिकल स्टोर संचालक की हरियाणा के यमुनानगर में चाकुओं से गोद कर हत्या कर दी गयी। पुलिस को खून से लथपथ उसका शव कार में मिला। हरियाणा पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। कस्बे की नई बस्ती पश्चिमी के वहीद अहमद उर्फ लोहा शाह 40 वर्ष का पुत्र मोहम्मद युनुस पिछले कई सालों से नगर के चौपला पर अपना मेडिकल स्टोर चलाता था। पिछले तीन माह से वह हरियाणा के यमुना नगर में अपने एक दोस्त के साथ रह कर वही अपना मेडिकल स्टोर चलाता था। वहां उसके बड़े भाई मो अलीम एक फैक्ट्री में काम करते हैं।
बुधवार की रात करीब 8.30 बजे वह अपनी दुकान बंद कर कार से अपने भाई के कमरे पर जा रहे थे। रास्ते में किसी ने चाकुओं से गोद कर उनकी हत्या कर दी। हत्यारे उनके शव को कार में ही छोड़कर फरार हो गए। थर्मल कॉलोनी के लोगों ने एक पेड़ के पास कार खड़ी देखी तो उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना पर यमुना नगर की पुलिस वहां पहुंची तो पुलिस को कार की पिछली सीट पर उनका खून से लथपथ शव पड़ा मिला।
इसकी जानकारी मिलने पर उनके बड़े भाई अलीम मौके पर पहुंचे और शव की अपने भाई मोहम्मद युनुस के रुप में इसकी पहचान की। जिसकी खबर उनके परिजनों को मिली तो घर में कोहराम मच गया। रात में ही उनके परिजन हरियाणा रवाना हो गए। यमुना नगर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। इस मामले में हरियाणा पुलिस ने मृतक के दोस्त को हिरासत में ले लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। देर रात उनका शव घर पहुंचा तो घर में कोहराम मच गया। उनकी पत्नी शादाव और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।