Bareilly Panchayat Chunav 2021 : बरेली में पंचायत चुनाव का मतदान आज, 23.47 लाख मतदाता तय करेंगे 1193 ग्राम पंचायतों मेंं कौन बनेगा ग्राम प्रधान
UP Panchayat Chunav 2021 त्रिस्तरीय चुनाव के पहले चरण में जिले में मतदान कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली है। गुरुवार को जिले के 3870 केंद्रों पर मतदान कराया जाएगा।जिले में 1193 ग्राम पंचायतें होने के कारण इतने ग्राम प्रधान के पद पर चुनाव होना है।
बरेली, जेएनएन। UP Panchayat Chunav 2021 : त्रिस्तरीय चुनाव के पहले चरण में जिले में मतदान कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली है। गुरुवार को जिले के 3870 केंद्रों पर मतदान कराया जाएगा। बुधवार को सभी 15 ब्लाकों से पोलिंग पार्टियां मतदान केंद्रों को रवाना हो गई। मतदान कराने के लिए मजिस्ट्रेट नियुक्त कर दिए गए हैं। जिले में 1193 ग्राम पंचायतें होने के कारण इतने ग्राम प्रधान के पद पर चुनाव होना है। इसके साथ ही जिला पंचायत सदस्य का चुनाव साठ वार्ड में होना है, जिसके लिए 847 उम्मीदवार मैदान में हैं।
वहींं, क्षेत्र पंचायत सदस्य के 1467 पद जिले में हैं। इसके साथ ही वार्ड सदस्यों के पद पर भी चुनाव होना है। इन सभी पदों पर उम्मीदवारों को चुनने के लिए जिले में 23.47 लाख मतदाता अपने वोट का इस्तेमाल करेंगे। सभी केंद्रों पर सुबह सात बजे से लेकर शाम छह बजे तक मतदान कराया जाएगा। वहां मतदान कराने के लिए बुधवार को सभी ब्लाकों से पोलिंग पार्टियां रवाना कर दी गई हैं। इसके साथ ही चुनाव सकुशल कराने के लिए मजिस्ट्रेट नियुक्त कर दिए गए हैं।
जिले में 180 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 30 जोनल मजिस्ट्रेट और आठ सुपर जोनल मजिस्ट्रेट बनाए गए हैं। सभी केंद्रों पर मतदान की व्यवस्थाएं प्रशासन ने पूरी करा ली है। वहां मतदाताओं की सुविधा के इंतजाम भी किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के लिए बड़ी संख्या में पुलिस, पीएसी और अर्द्धसैनिक बल लगाया गया है। डीएम नितीश कुमार ने बताया कि चुनाव सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।