Bareilly Nagar Nigam News : प्यार और सम्मान से पालीथिन मुक्त होगा बरेली, कचरा बीनने वाले हाेंगे सम्मानित, मिलेगा ताेहफा, कूपन के साथ मुफ्त राशन
Bareilly Nagar Nigam News सम्मान निश्चित तौर पर आत्मविश्वास को बढ़ा देता है कुछ ऐसा ही नगर निगम करने की तैयारी में हैं। निगम के अधिकारी कचरा बीनने वालों को सम्मान और प्यार देगा। इसी अमोघ तीर से शहर में पालीथीन पर वार किया जाएगा।
बरेली, जेएनएन। Bareilly Nagar Nigam News : सम्मान निश्चित तौर पर आत्मविश्वास को बढ़ा देता है, कुछ ऐसा ही नगर निगम करने की तैयारी में हैं। निगम के अधिकारी कचरा बीनने वालों को सम्मान और प्यार देगा। इसी अमोघ तीर से शहर में पालीथीन पर वार किया जाएगा। इसके लिए निगम ने 19 अगस्त को आइएमए हाल में एक कार्यशाला का आयोजन किया है, जिसमें कचरा बीनने वालों को प्रशिक्षित किया जाएगा।
शहर से रोजाना करीब साढ़े चार सौ टन कूड़ा निकलता है। इस कूड़े में तीस फीसद से अधिक सिर्फ पालीथिन शामिल है। यह पालीथिन शहर में नाला, सीवर आदि के चोक होने के साथ ही शहर को गंदा करने का भी प्रमुख कारण है। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) के पालीथिन हटाने के लिए सख्त निर्देश हैं। शहर में भी अभियान चलकर फिर थम जाता है। इस बार नगर निगम ने शहर में कचरा बीनने वालों को प्रोत्साहित करने की तैयारी की है। जो शहर से सबसे ज्यादा पालीथिन लेकर आएगा, उसे निगम की ओर से ड्रेस, राशन और कूपन भी दिए जाएंगे।
इसके लिए 19 अगस्त को आइएमए हाल में कार्यशाला का आयोजन किया गया है, जिसमें शहर के करीब चार सौ कचरा बीनने वालों को बुलाया गया है। उन्हें कार्यशाला में प्रशिक्षण दिया जाएगा। पर्यावरण अभियंता संजीव प्रधान ने बताया कि कार्यशाला में कचरा बीनने वालों को प्रशिक्षण के साथ ही जूते, मास्क, हेलमेट, जर्सी और ड्रेस भी दी जाएगी। इसके साथ ही उन्हें प्रोत्साहित किया जाएगा। हर माह प्रतियोगिता कराई जाएगी, जिसमें सबसे ज्यादा पालीथिन लाने वाले प्रतिभागी को सात हजार रुपये का गिफ्ट वाउचर दिया जाएगा। इस सम्मान और प्यार के साथ ही उन्हें मुफ्त राशन भी वितरित किया जाएगा।
पालीथिन मुक्त शहर बनाने के लिए नगर निगम कचरा बीनने वालों को प्रोत्साहित करेगा। उन्हें सम्मान और प्यार के साथ ही उपहार भी दिए जाएंगे। इस संबंध में 19 अगस्त को आइएमए हाल में वर्कशाप का आयोजन किया जा रहा है। अभिषेक आनंद, नगर आयुक्त