Bareilly Nagar Nigam Financial Year News : फाइनेंसियल ईयर के अंतिम दिन बरेली नगर निगम हुआ मालामाल, जमा कराया 17.57 करोड़ रुपये टैक्स
Bareilly Nagar Nigam Financial Year News वित्तीय वर्ष के आखिरी दिन बुधवार को नगर निगम में बंपर टैक्स वसूली हुई। निगम ने एक दिन में अब तक का सर्वाधिक करीब 17.57 करोड़ रुपये टैक्स जमा कराया है।
बरेली, जेएनएन। Bareilly Nagar Nigam Financial Year News : वित्तीय वर्ष के आखिरी दिन बुधवार को नगर निगम में बंपर टैक्स वसूली हुई। निगम ने एक दिन में अब तक का सर्वाधिक करीब 17.57 करोड़ रुपये टैक्स जमा कराया। करदाताओं ने एक अप्रैल से लगने वाले 12 फीसद अतिरिक्त ब्याज से बचने के लिए टैक्स जमा कराया।
शासन ने नगर निगम को करीब 60 करोड़ रुपये टैक्स वसूली का लक्ष्य दिया था। नगर निगम ने लक्ष्य प्राप्ति के लिए लोगों को 31 मार्च तक टैक्स जमा करने पर पांच फीसद छूट दी थी। बुधवार को वित्तीय वर्ष के आखिरी दिन कई करदाता टैक्स जमा कराने पहुंचे।
करदाताओं की सुविधा के लिए नगर निगम में अतिरिक्त काउंटर लगाए गए थे। इसके साथ ही नगर निगम की कई टीमें तमाम मुहल्लों में टैक्स वसूली के लिए निकलीं। इस तरह एक ही दिन में रिकार्ड टैक्स की वसूली की गई।
वित्तीय वर्ष के आखिरी दिन बंपर टैक्स वसूली हुई है। करदाताओं की सहूलियत के लिए निगम में अतिरिक्त काउंटर लगाए गए थे। निगम की टीम ने आवासीय व व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर पहुंचकर भी टैक्स जमा कराया।- अजीत कुमार सिंह, अपर नगर आयुक्त