Bareilly Crime News : लापता लेखपाल का शव बरेली के नाले में मिला, परिवार वालोंं ने जताई हत्या की आशंका
Bareilly Crime News 24 घंटे से लापता लेखपाल का शव बुधवार सुबह बरेली के नाले में पड़ा मिला। आसपास के लोगों ने नाले में शव पड़ा होने की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त के बाद परिवार वालों को घटना की जानकारी दी।
बरेली, जेएनएन। Bareilly Crime News : 24 घंटे से लापता लेखपाल का शव बुधवार सुबह बरेली के नाले में पड़ा मिला। आसपास के लोगों ने नाले में शव पड़ा होने की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त के बाद लेखपाल के परिवार वालों को घटना की जानकारी दी। मौत की जानकारी मिलते ही परिवार वालों में कोहराम मच गया है। लेखपाल के बेटे ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बहेड़ी के मानपुर तहसील में लेखपाल सत्यदेव गंगवार मंगलवार को ड्यूटी पर गए थे। रोज शाम को सत्यदेव घर लौट आते थे लेकिन, मंगलवार को वह रात तक नहीं लौटे। इस पर परिवार वालों ने रिश्तेदारी और उनके दोस्तोंं के यहां उनकी तलाश की लेकिन, उनका कुछ पता नहीं चला। बुधवार सुबह शाही की वाल्मीकि बस्ती गांधी नगर में शव पड़ा होने की सूचना पर परिवार वाले पहुंचे और शिनाख्त की। उनका शव नाले में पड़ा हुआ था।
सत्यदेव गंगवार के बड़े बेटे विनोद ने अपने पिता की हत्या की आशंका जताई है। बताया कि मंगलवार को रोज की तरह सत्यदेव ड्यूटी पर गए थे लेकिन घर वापस नहीं लौटे। रात भर स्वजन ने काफी तलाश की लेकिन उनके बारे में कोई जानकारी न हुई। बुधवार शाही पुलिस ने स्वजन को सत्यदेव की मौत की जानकारी दी। सत्यदेव का शव नाले में उल्टा पड़ा हुआ था। पुलिस जांच में जुटी हुई है।
चलती ट्रेन से गिरकर मजदूर घायल : भोजीपुरा क्षेत्र में चलती ट्रेन से गिरकर एक मजदूर घायल हो गया। रेलवे कंट्रोल की सूचना पर पहुंची जीआरपी ने घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। हाफिजगंज थाने के गांव अहमदाबाद निवासी 40 वर्षीय परमेश्वर दयाल पुत्र रामभरोसे को बीती रात उपचार के लिए जीआरपी ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी बेटी शोभिनी ने बताया कि परमेश्वर दयाल मजदूरी करके गुजारा चलाता है कल सुबह रोजाना की तरह मजदूरी करने के लिए ट्रेन से बरेली गया था।
जहां से शाम को मजदूरी करने के बाद ट्रेन से घर वापस लौट रहा था। वह बोगी के दरवाजे पर खड़ा था और भोजीपुरा रेलवे स्टेशन के पास पैर फिसलने से चलती ट्रेन से नीचे गिर पड़ा जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची जीआरपी ने उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा और घटना की सूचना उसके घर वालों को दे दी।