Badaun Hit and Run : दिल्ली की तरह बदायूं में मजदूरों को कार से रौंदकर भागे कार सवार
Badaun Hit and Run परिवार का पेट पालने के लिए मजदूरी करने निकले दो मजदूरों को देर शाम कार सवार रौंदकर फरार हो गए। पुलिस ने कार बरामद कर ली है जबकि कार सवार लाेगों को पता नहीं लग सका है। हादसे के बाद ग्रामीणों ने जाम लगा दिया।
बरेली, जेएनएन। Badaun Hit and Run : परिवार का पेट पालने के लिए मजदूरी करने निकले दो मजदूरों को देर शाम कार सवार रौंदकर फरार हो गए। पुलिस ने कार बरामद कर ली है, जबकि कार में सवार लाेगों को पता नहीं लग सका है। हादसे के बाद ग्रामीणों ने कार सवार लाेगों की गिरफ्तारी के लिए जाम लगा दिया। सूचना पर सीओ अनिरुद्ध सिंह समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझा कर जाम खुलवाया।
हादसा उत्तर प्रदेश के बदायूं जनपद के सहसवान क्षेत्र में हुआ। कोतवाली क्षेत्र के गांव रेलई माधोपुर निवासी च॔द्रपाल और उपदेश सहसवान में मजदूरी करने आए थे। बुधवार शाम करीब साढ़े छह बजे वह दोनों साइकिल से गांव लौट रहे थे। खंदक गांव के पास सड़क पार करने के दौरान बदायूं की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने दोनों की साइकिल को अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि साइकिल और मजदूर करीब सौ मीटर तक कार में फंस कर घिसटते चले गए। इसके बाद कार सवार अपनी कार मौके पर छोड़ कर फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल दोनों मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई।
गुस्साए ग्रामीणों ने कार चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हाइवे पर जाम लगा दिया। सीओ अनिरुद्ध सिंह के नेतृत्व में सहसवान, मुजरिया, बिल्सी, जरीफनगर थाने का फोर्स मौके पर पहुंच गया। सीओ के समझाने पर ग्रामीणों ने जाम खोल दिया। इसके बाद पुलिस ने कार और शव को कब्जे में ले लिया। कोतवाल पंकज लवानिया का कहना था शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। बताते हैं कि दोनों की शादी हो चुकी थी, उपदेश के चार और चंद्रपाल का एक बच्चा भी है। हादसे के बाद दोनों के परिवारों में चीख-पुकार मची रही।