मुरादाबाद में बदायूं की बच्ची व सैफई में हुई महिला की मौत का होगा डेथ ऑडिट, जाने वजह
Badaun Coronavirus News Update बदायूं में इस बार तीन लोगों की मौत हुई है।स्वास्थ्य विभाग को यह जानकारी प्रदेश के कई जिलों से आए मौत के डाटा से मिली है। जिसमें मुरादाबाद में बच्ची व सैफई में महिला की इलाज के दौरान मौत होने की पुष्टि हुई है।
बरेली, जेएनएन। Badaun Coronavirus News Update : बदायूं में कोरोना संक्रमण से मरने वालों की संख्या अब सौ हो चुकी है। कोरेाना संक्रमण की पहली और दूसरी लहर में जिले के कुल 97 लोगों ने अपनी जान गवाई थी। वहीं इस बार तीन लोगों की मौत हुई है। इसमें दो की मौत 16 जनवरी को हो गई थी। संबंधित जिलों से डेटा आने पर बदायूं जिला प्रशासन को जानकारी हुई। इनमें एक महिला व एक बच्ची शामिल है। इसमें महिला सैफई तो बच्ची मुरादाबाद में इलाज करा रही थी। वह पहले से ही टीबी समेत अन्य बीमारियों से ग्रसित थीं। अब स्वास्थ्य विभाग द्वारा दोनों का डेथ ऑडिट भी कराया जाएगा।
मुरादाबाद व सैफई से आई दोनों मरीजों की जानकारी के मुताबिक महिला शहरी क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली थी। उसे टीबी समेत अन्य बीमारियां थी। इसके चलते उसे सैफई में भर्ती कराया गया था। जहां 14 जनवरी को उसकी जांच की गई तो वह कोरोना पाजिटिव पाई गई। इसी तरह इस्लामनगर निवासी एक ढाई वर्षीय बच्ची की तबीयत बिगड़ने पर स्वजन उसे मुरादाबाद के अस्पताल ले गए। जहां उसकी कोविड जांच की गई तो रिपोर्ट पाजिटिव आई थी। दोनों का कोरोना समेत अन्य बीमारियों का इलाज शुरू कर दिया गया था।
इसी दौरान 16 जनवरी को उनकी हालत बिगड़ गई और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। जिला सर्विलांस अधिकारी डा. अनिल शर्मा ने बताया कि सोमवार को दोनों जिलों से बदायूं सर्विलांस टीम को इसकी सूचना दी गई। इसके बाद यहां जानकारी हुई। दोनों मरीजों के बीमारी संबंधित जांच आदि प्रमाण पत्र मंगाए गए हैं। महिला और बच्ची की जांच रिपोर्ट देखने के बाद उनका डेथ आडिट भी कराया जाएगा। इसके अलावा उनके संपर्क में आए स्वजन व अन्य लोगों की जांच भी कराई जा रही है।