बरेली में मुकदमे से नाराज आरोपित ने एबीवीपी कार्यकर्ता के भाई को मारी गोली
बारादरी के रोहली टोला में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) कार्यकर्ता के भाई को रविवार रात घर के बाहर गोली मार दी गई। गोली उनके पेट में लगी है। स्वजन ने उन्हें लहूलुहान हालत में निजी अस्पताल मे भर्ती कराया है।
बरेली : बारादरी के रोहली टोला में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) कार्यकर्ता के भाई को रविवार रात घर के बाहर गोली मार दी गई। गोली उनके पेट में लगी है। स्वजन ने उन्हें लहूलुहान हालत में निजी अस्पताल मे भर्ती कराया है। आरोप है कि मुकदमे में समझौता नहीं करने पर उन्हें गोली मारी गई है। पुलिस आरोपितों की तलाश कर रही है।
रोहली टोला निवासी कमल गुप्ता एबीवीपी कार्यकर्ता हैं। उन्होंने बताया कि पांच नवंबर को मुहल्ले के अजय गुप्ता उर्फ शैंकी गुप्ता, मुकेश गुप्ता ने साथियों के साथ उनके घर में घुसकर मारपीट और लूटपाट की थी। घटना में कमल समेत तीन लोग घायल हुए थे। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। आरोप है कि शैंकी समेत अन्य आरोपित मुकदमे में समझौते का दबाव बना रहे थे। उन्होंने समझौते से मना कर दिया था। रविवार रात कमल गुप्ता के बड़े भाई योगेश गुप्ता घर के पास ही खड़े थे। आरोप है कि उसी दौरान शैंकी ने पेट में गोली मार दी। घटना को अंजाम देकर आरोपित भागने में कामयाब रहा।
गिरफ्तारी हो जाती तो नहीं होती घटना : कमल
कमल ने बताया कि आरोपितों के खिलाफ नामजद मुकदमा था। अगर पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज देती तो शायद यह घटना नहीं होती। उन्होंने आरोपितों के खिलाफ घर में घुसकर लूटपाट का मुकदमा दर्ज कराया था।
वर्जन
आरोपित की तलाश की जा रही है। अभी घर वालों ने तहरीर नहीं दी है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
- शितांशु शर्मा, इंस्पेक्टर बारादरी