गजब ! बरेली में पेंच वर्क करने के लिए नगर निगम ने लगाया कोरोना संक्रमित क्षेत्र का बोर्ड, परेशान हुए लोग
Nagar Nigam News नगर निगम की लापरवाही शुक्रवार को लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गई। प्रभारी मंत्री के शहर में आने के चलते स्टेडियम रोड पर पैचवर्क का काम कराया। इसके साथ ही वाहन रोकने के लिए कोरोना संक्रमित क्षेत्र लिखा बैरियर वहां लगा दिया।
बरेली, जेएनएन। Nagar Nigam News : नगर निगम की लापरवाही शुक्रवार को लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गई। प्रभारी मंत्री के शहर में आने के चलते स्टेडियम रोड पर पैचवर्क का काम कराया। इसके साथ ही वाहन रोकने के लिए कोरोना संक्रमित क्षेत्र लिखा बैरियर वहां लगा दिया। बीच सड़क कोरोना संक्रमित क्षेत्र वाला बोर्ड देखकर लोग घबरा गए।
स्टेडियम रोड पर लंबे समय से कई जगह गहरे गड्ढे हो गए हैं। शुक्रवार को सड़क मार्ग से आए प्रभारी मंत्री श्रीकांत शर्मा को यहां से मेरठ जाना था। वह विकास भवन से निकलकर स्टेडियम रोड होते हुए बड़ा बाइपास से जाने वाले थे। प्रभारी मंत्री का काफिला आने की सूचना पर नगर निगम ने स्टेडियम रोड पर पैचवर्क का काम कराया। इसमें भी खानापूर्ति कर दी गई। गड्ढों में सीमेंट, गिट्टी भर दी गई।
गड्ढे भरते रहे और उस पर वाहन चलते रहे, जिससे कुछ देर भी सामग्री टिक नहीं पाई। इतना ही नहीं नगर निगम ने लोगों को दहशत में डाल दिया। बमुश्किल कोरोना के खौफ से लोग दूर हुए हैं। नगर निगम ने गड्ढे भरकर वहां वाहन रोकने के लिए कोरोना संक्रमित क्षेत्र लिखा बैरियर लगा दिया। इस पर राहगीर पूछते हुए निकले। वाहनों की धीमी गति से वहां जाम की भी स्थिति रही। मुख्य अभियंता बीके सिंह ने बताया कि सड़क पर गड्ढे भरे गए। गड्ढे भरने के लिए कर्मचारियों ने जो बैरियर मिला उसे ही लगा दिया। बाद में उसे हटाया।