टिकट वितरण के बाद सपा ने बगावत की बयार को थामा, बहेड़ी से टिकट मांग रहे नसीम अहमद को बनाया प्रदेश सचिव
समाजवादी पार्टी ने कई कार्यकर्ताओं को बागी होने से बचा लिया। पार्टी ने बहेड़ी विधानसभा से टिकट मांगने वाले चेयरमैैन पति नसीम अहमद को प्रदेश सचिव का जिम्मा दिया है। इसके साथ ही अन्य कार्यकर्ताओं को संगठन में जगह दी है।

बरेली, जेएनएन। UP Assembly Election 2022 टिकट वितरण के बाद उठी बगावत की लहर को समाजवादी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने अपनी सूझ-बूझ से थाम लिया है। समाजवादी पार्टी ने कई कार्यकर्ताओं को बागी होने से बचा लिया। पार्टी ने बहेड़ी विधानसभा से टिकट मांगने वाले चेयरमैैन पति नसीम अहमद को प्रदेश सचिव का जिम्मा दिया है। इसके साथ ही अन्य कार्यकर्ताओं को संगठन में जगह दी है।
समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने बहेड़ी विधानसभा से टिकट मांगने वाले नसीम अहमद को प्रदेश सचिव बनाया है। उन्होंने 2017 में बसपा से चुनाव लड़ा था। करीब छह माह पहले वह सपा में शामिल हुए थे। वह बहेड़ी विधानसभा से चुनाव लड़ने को टिकट मांग रहे थे। उनकी पत्नी फैजुल नसीम बहेड़ी नगर पंचायत की चेयरमैन हैं। विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे। अच्छा जनाधार होने के कारण पार्टी ने उन्हें बागी होने से बचा लिया है। उन्हें प्रदेश कार्यकारिणी में जगह दी है। वर्ष 2017 के चुनाव में सपा ने पूर्व मंत्री अताउर्रहमान को टिकट दिया था। इस बार भी पार्टी ने उन पर भरोसा जताया है। उन्होंने एक दिन पहले नामांकन भी दाखिल कर दिया है। इसके साथ ही कैंट विधानसभा से टिकट मांगने वाले नूतन शर्मा को जिला उपाध्यक्ष बनाया गया है। हालांकि, आंवला में सपा के बागी साजिद खां मुसीबत बन गए हैं। वह बसपा से टिकट ले आएं हैं। उन्होंने सपा के पंडित आरके शर्मा के खिलाफ ताल ठोंक दी है। वह 27 को नामांकन दाखिल करेंगे, जबकि सपा के पंडित आरके शर्मा नामांकन दाखिल कर चुके हैं।
Edited By Ravi Mishra