कार्यकर्ता सम्मेलन के बाद अखिलेश ने बढ़ाई संगठन की अहमियत, अब टिकट लेने के दावेदारों को देना होगा नो ड्यूज
SP National President Akhilesh Yadav News समाजवादी पार्टी के स्थानीय संगठन को नजरअंदाज कर सीधे लखनऊ जाकर टिकट के लिए आवेदन करने वालों की अब नहीं चलेगी। यहां से जाने के बाद सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने जिला-महानगर संगठन से नो-ड्यूज लाने को जरूरी कर दिया है।
बरेली, जेएनएन। SP National President Akhilesh Yadav News : समाजवादी पार्टी के स्थानीय संगठन को नजरअंदाज कर सीधे लखनऊ जाकर टिकट के लिए आवेदन करने वालों की अब नहीं चलेगी। यहां से जाने के बाद सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने जिला-महानगर संगठन से नो-ड्यूज लाने को जरूरी कर दिया है। पूर्व विधायकों को भी इस प्रक्रिया में शामिल किया है। रविवार को कई नेताओं ने नो-ड्यूज लिए।
आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने के इच्छुक नेताओं, कार्यकर्ताओं से सपा ने दो महीने पहले से ही आवेदन मांगने शुरू कर दिए थे। 26 जनवरी तक टिकट के दावेदारों को आवेदन कर देने हैं। आवेदन करने वालों को जिलाध्यक्ष व महानगर अध्यक्ष की ओर से जारी नो-ड्यूज प्रमाण पत्र भी साथ लगाना जरूरी है। नो ड्यूज में मुख्य रूप से एक हजार रुपये का वार्षिक सदस्यता शुल्क है।
बीच में कई नेता और कार्यकर्ता बिना नो-ड्यूज के लखनऊ जाकर आवेदन कर आए, हालांकि उनके आवेदन अब तक स्वीकार नहीं किए गए हैं। उन्होंने स्थानीय संगठन को नजरअंदाज किया। बीते दिनों शहर में प्रवास के दौरान सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के सामने यह बात आई। इस पर उन्होंने लखनऊ पहुंचते ही सख्त आदेश अधीनस्थ पदाधिकारियों को दिए।
अखिलेश ने संगठन की अहमियत बढ़ा दी है। अब दिग्गज नेता भी संगठन को नजरअंदाज नहीं कर पाएंगे। आवेदन को मात्र एक दिन बचने के कारण रविवार को कई नेताओं ने जिलाध्यक्ष व महानगर अध्यक्ष से नो-ड्यूज प्रमाण पत्र लिया और लखनऊ टिकट के लिए आवेदन करने को निकल गए। जिलाध्यक्ष अगम मौर्य ने बताया कि बिना नो-ड्यूज लिए कोई भी टिकट के लिए आवेदन नहीं कर सकता है।